आईपीएल-8 : सुपर किंग्स ने किंग्स इलेवन को 7 विकेट से हराया (लीड-1)

चंडीगढ़, 16 मई (आईएएनएस)। चेन्नई सुपर किंग्स ने पंजाब क्रिकेट संघ स्टेडियम में शनिवार को हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के अपने आखिरी लीग मैच में किंग्स इलेवन पंजाब को सात विकेट से मात दे दी।

कसी हुई गेंदबाजी के बल पर पहले किंग्स इलेवन टीम को 130 रनों पर रोकने के बाद सुपर किंग्स ने तीन विकेट खोकर 19 गेंद शेष रहते आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।

इस जीत के साथ सुपर किग्स का शीर्ष पर रहते हुए प्लेऑफ में प्रवेश पक्का हो गया, जबकि पिछले वर्ष उप-विजेता रहे किंग्स इलेवन को हार के साथ सबसे निचले पायदान पर रहते हुए टूर्नामेंट से शर्मनाक विदाई लेनी पड़ी।

शुरुआती दो ओवरों में अपने दोनों शीर्ष बल्लेबाजों माइकल हसी (1) और ब्रैंडन मैक्लम (6) को सस्ते में गंवाने के बाद फॉफ दू प्लेसिस (55) और सुरेश रैना (नाबाद 41) के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 92 रनों की साझेदारी की बदौलत सुपर किंग्स ने लक्ष्य की ओर सधे अंदाज में कदम बढ़ा दिए।

14वें ओवर की तीसरी गेंद पर रिषि धवन ने प्लेसिस को क्लीन बोल्ड कर उनकी अर्धशतकीय पारी पर विराम लगाया। प्लेसिस ने इस बीच 41 गेंदें खेलीं और पांच चौका तथा एक छक्का लगाया।

प्लेसिस के जाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान महेंद्र सिंह धौनी (नाबाद 25) ने रैना के साथ नाबाद 32 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी।

रैना ने 34 गेंदों में चार चौके लगाए, जबकि धौनी ने 16 गेंदों की छोटी सी पारी में दो चौके और दो छक्के जड़े।

किंग्स इलेवन की ओर से संदीप शर्मा ने बेहद कसी हुई गेंदबाजी की और दो ओवरों में नौ रन देकर एक विकेट भी हासिल किया। हालांकि अन्य गेंदबाज टीम के औसत स्कोर का बचाव करने में असफल रहे।

इससे पहले, टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरे किंग्स इलेवन लगातार गिरते विकेटों के बीच वे कभी भी रन गति तेज नहीं कर पाए।

सातवें क्रम पर बल्लेबाजी करने उतरे अक्षर पटेल (32) टीम को सर्वोच्च स्कोरर रहे तथा ऋषि धवन (नाबाद 25) के साथ सातवें विकेट के लिए निभाई गई 44 रनों की साझेदारी की बदौलत टीम 100 का आंकड़ा पार कर सकी।

अक्षर ने 29 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाया, जबकि धवन ने 20 गेंदों का सामना कर एक चौका और दो छक्के लगाए।

किंग्स इलेवन एक समय 10 ओवरों में 56 रन पर छह विकेट खो चुके थे और पूरी टीम 100 के कुल योग के भीतर सिमटती लग रही थी। लेकिन अक्षर ने डेविड मिलर (11) के साथ छठे विकेट के लिए 23 रनों की साझेदारी निभाकर टीम को स्थिरता दी।

शीर्ष क्रम में रिद्धिमान साहा (15), मनन वोहरा (4), कप्तान जॉर्ज बेले (12) और विस्फोटक बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल (6) में से कोई भी लंबी पारी नहीं खेल सका।

सुपर किंग्स के लिए सुरेश रैना को छोड़ सभी गेंदबाजों ने विकेट हासिल किए। पवन नेगी ने सर्वाधिक दो विकेट चटकाए, जबकि रविचंद्रन अश्विन सबसे किफायती रहे। अश्विन ने चार ओवरों में मात्र 14 रन देकर एक विकेट हासिल किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493