आईपीकेएल : हरियाणा ने पांडिचेरी से लिया पिछली हार का बदला

पुणे, 20 मई (आईएएनएस)। हरियाणा हीरोज ने सोमवार को पांडिचेरी प्रीडेटर्स को 45-35 से मात दे इंडो-इंटरनेशनल प्रीमियर लीग (आईपीकेएल) के पहले सीजन में न सिर्फ शानदार जीत दर्ज की बल्कि पांडिचेरी से पिछले मैच में मिली हार का बदला भी ले लिया।

इन दोनों टीमों के बीच इसी मैदान पर बालेवाड़ी स्पोटर्स कॉम्पलेक्स पर पहला मैच 15 मई को खेला गया था जहां पांडिचेरी ने हरियाणा को 52-28 से मात दी थी। इस बार हालांकि हरियाणा हावी रही।

हरियाणा के लिए रामदयाल ने आठ अंक जुटाए तो वहीं पांडिचेरी के लिए करमबीर ठाकुर ने छह अंक लिए।

पहले क्वार्टर में हरियाणा ने शुरुआत धीमी लेकिन बाद में पेस पकड़ते हुए क्वार्टर का अंत बराबरी के स्कोर के साथ करने में सफल रही। पांडिचेरी ने 4-1 की बढ़त ले ली थी। हरियाणा ने कुछ अंक लिए लेकिन फिर भी वह पांडिचेरी को पीछे नहीं कर पाई। पांडिचेरी 3-10 से आगे चल रही थी। यहां से हरियाणा ने वापसी की और लगातार अंक लेकर क्वार्टर का अंत 12-12 के स्कोर के साथ किया।

हरियाणा ने दूसरे क्वार्टर में अच्छी शुरुआत की। उसने इस क्वाटर्र के शुरुआती छह मिनट में आठ अंक लेकर 20-16 की बढ़त ले ली थी। पांडिचेरी भी कम नहीं थी। उसने आखिरी के तीन मिनट में अच्छा खेल दिखाते हुए अंकों के अंतर को कम किया और हरियाणा को यहां से सिर्फ दो अंक लेने दिए जबकि खुद ने पांच अंक लिए। हारियाणा हालांकि 22-21 के स्कोर के साथ दूसरे क्वार्टर का अंत करने में सफल रही।

तीसरे क्वार्टर में हरियाणा ने अपने वर्चस्व को और बढ़ा दिया। उसने लगातार तीन अंक लेकर स्कोर 25-21 किया और फिर छठे मिनट में पांडिचेरी को ऑल आउट कर 27-22 की बढ़त ले ली, लेकिन वापसी करते हुए पांडिचेरी ने बेहतरीन खेल दिखाया और एक समय स्कोर 28-33 कर हरियाणा को बैकफुट पर लाने की पूरी तैयार कर ली थी लेकिन आखिरी मिनट में एक बेहतरीन टैकल से उसने दो अंक और अपने खाते में डाल स्कोर 36-28 कर दिया और आखिरी रेड में एक अंक ले इस क्वार्टर का अंत 36-28 के स्कोर के साथ किया।

आखिरी क्वार्टर में भी कहानी नहीं बदली और पांडिचेरी पीछे ही रही। इस क्वार्टर में हरियाणा ने कुल नौ अंक लिए तो वहीं पांडिचेरी ने सात अंक।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493