नई दिल्ली, 3 दिसम्बर (आईएएनएस)। देश के एकमात्र बैडमिंटन लीग टूर्नामेंट इंडियन बैडमिंटन लीग (आईबीएल) का नाम बदलकर प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) रख दिया गया।
भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने आईबीएल को लेकर चल रहे कानूनी पचड़े को देखते हुए गुरुवार को यह फैसला लिया।
दो साल पहले शुरू हुआ यह महत्वाकांक्षी बैडमिंटन लीग विवादों के कारण पिछले वर्ष नहीं हो सका और अब नए नाम के साथ अगले वर्ष दो से 17 जनवरी के बीच इसे फिर से शुरू किया जाएगा।
बीएआई ने खेल प्रबंधन कंपनी स्पोर्टी सॉल्यूशंस की साझेदारी में इस लीग के पहले संस्करण का आयोजन किया था, लेकिन इस समय दोनों के बीच कानूनी विवाद चल रहा है।
बीएआई ने अप्रैल में स्पोर्ट सॉल्यूशंस के साथ अपने करार को रद्द कर दिया, जिसके बाद स्पोर्टी सॉल्यूशंस ने अक्टूबर में अदालत का रुख किया।
मामले पर अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होनी है।
बीएआई के अध्यक्ष अखिलेश दासगुप्ता ने गुरुवार को कहा, “इन परिस्थितियों में काफी विचार विमर्श करने के बाद टूर्नामेंट का नाम बदलने का निर्णय लिया गया। हम चाहते हैं कि पीबीएल को विश्व स्तर पर अधिक से अधिक पहचान दिलाई जाए। हम पीबीएल को विश्व बैडमिंटन जगत का सर्वाधिक प्रतिष्ठित लीग बनाना चाहते हैं।”
पीबीएल के पहले संस्करण का आयोजन मुंबई में दो जनवरी को उद्घाटन समारोह के साथ आरंभ होगा और 17 जनवरी को टूर्नामेंट का फाइनल खेला जाएगा।
dharmpath.com dharmpath