‘आईसीटीटी 2017’ में आतिथ्य उद्योग की समस्याओं पर होगी चर्चा

कोच्चि, 26 मई (आईएएनएस)। पर्यटन प्रौद्योगिकी पर आठ से 10 जून तक आयोजित होने जा रहे अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन ‘आईसीटीटी 2017’ में दुनिया भर के विशेषज्ञ धीमी गति से होने वाली ऑनलाइन बुकिंग, वेबसाइट की कम रैंकिंग और व्यावसायिक स्थलों के तेजी से होने वाले डिजिटीकरण जैसी आतिथ्य उद्योग के समक्ष खड़ी समस्याओं के समाधान पर विचार-विमर्श करेंगे।

यहां जारी बयान के अनुसार, इस सम्मेलन में पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र की कंपनियों को उद्योग के अग्रणी विशेषज्ञ बताएंगे कि बिक्री और लाभ बढ़ाने के लिए तकनीक के साथ किस प्रकार तालमेल रखा जाए।

केरल पर्यटन के सहयोग से एसोसिएशन ऑफ टूरिज्म ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (एटीटीओआई) द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में टूर ऑपरेटरों, होटल मालिकों, रिसॉर्ट मालिकों, होमस्टे, एसईओ (सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन) कंपनियों, सॉफ्टवेयर कंपनियों, सोशल मीडिया मार्केटिंग कंपनियों और ब्लॉगर्स सहित लगभग 500 प्रतिनिधि शामिल होंगे।

एटीटीओआई के अध्यक्ष अनीश कुमार पी. के. ने कहा, “हमारा लक्ष्य आईसीटीटी को यात्रा और पर्यटन व्यवसाय के लिए सबसे व्यापक क्षमता-निर्माण प्रक्रिया बनाना है। हम आईसीटीटी के माध्यम से वह ज्ञान एवं शिक्षण प्रदान करेंगे, जिन्हें तत्काल व्यवहार में लागू किया जा सके।”

उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में सामग्री से लेकर सर्च इंजन रणनीति, वीडियो मार्केटिंग और ऑनलाइन प्रतिष्ठा का प्रबंधन करने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल और ब्रांडिंग और पोजीशनिंग का उपयोग और यहां तक कि पेमेंट गेटवे आदि विषयों पर चर्चा की जाएगी।

बयान के अनुसार, इसमें ऑनलाइन प्रतिष्ठा प्रबंधन, उत्पाद विपणन के लिए व्हाट्सएप, स्नैपचैट, फेसबुक, इंस्टाग्राम और ऐसे अन्य माध्यमों का इस्तेमाल, वेबसाइटों और ब्लॉगों के लिए कांटेंट लेखन, फेसबुक लाइव और यूट्यूब पर वीडियो मार्केटिंग आदि जैसे विषय शामिल हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493