नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। फीफा अंडर-17 विश्व कप में भारतीय फुटबाल टीम की कप्तानी कर चुके अमरजीत सिंह कियाम का कहना है कि आई-लीग में इंडियन एरोज के लिए खेलने के कारण उनके करियर में बहुत बड़ा बदलाव आया है।
अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने देश में युवा फुटबाल खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए इस टीम को बनाया और आई-लीग में शामिल किया था और इसके जरिए युवा खिलाड़ियों को देश के शीर्ष फुटबाल खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने का मौका मिला।
अमरजीत ने कहा, “एआईएफएफ की दूरदर्शिता ने हमें आई-लीग में खेलने का मौका मिला। उन्होंने ने हम पर बहुत विश्वास दिखाया और इससे हमारा आत्मविश्ववास बढ़ा। आई-लीग में खेलने के कारण मेरे फुटबाल करियर में बहुत बड़ा बदलाव आया।”
अमरजीत ने कहा, “एआईएफएफ ने हमें विदेशी दौरों पर भी भेजा जिसके कारण भी हमारे अंदर आत्मविश्ववास पैदा हुआ। इससे यह साबित हुआ है कि युवा खिलाड़ी भी भारत के शीर्ष फुटबाल खिलाड़ियों को टक्कर दे सकते हैं।”
आई-लीग के 2018-19 सीजन का आगाज शुक्रवार से होगा और पहले मुकाबले में एरोज के सामने चेन्नई सिटी एफसी की चुनौती होगी।
dharmpath.com dharmpath