आगरा, नागपुर के प्रशंसक ‘फैन पार्क’ में ले सकेंगे मैचों का लुत्फ

मुंबई, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के पहले सप्ताहांत पर 11-12 अप्रैल को होने वाले मैचों के लिए आगरा और नागपुर में ‘फैन पार्क’ की व्यवस्था करेगा।

इसके तहत आगरा के कॉलेज मैदान और नागपुर के रेशम बाग मैदान पर विशाल टीवी स्क्रीन लगाए जाएंगे और उन पर आईपीएल मैचों का सीधा प्रसारण होगा। इसमें 10,000 से ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद है।

बीसीसीआई के सचिव अनुराग ठाकुर के अनुसार, “प्रशंसकों के मनोरंजन के लिए यहां मैचों के सीधे प्रसारण के अलावा और भी बहुत सारी सुविधाएं होंगी। इसमें बच्चों के खेलने के स्थान, फेस पेंटिंग, संगीत सहित खाने-पीने की कई सारी चीजें उपलब्ध होंगी। साथ ही क्रिकेट को समर्पित एक अलग केंद्र भी होगा जहां बल्लेबाजी और गेंदबाजी से संबंधित कौशल की जानकारी दी जाएगी।”

गौरतलब है कि 11 अप्रैल को आईपीएल में दो मैच खेल जाने हैं। शाम चार बजे से चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला होगा जबकि रात आठ बजे से मौजूदा चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच मैच होना है।

अगले दिन रविवार को भी शाम चार बजे से दिल्ली डेयरडेविल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच होगा। रात आठ बजे से मुंबई इंडियंस और पिछले साल उपविजेता रहे किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मुकाबला होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493