भोपाल-खुदकुशी के इरादे से ट्रेन से कटने रेलवे ट्रैक पर पहुंची महिला को उसकी आठ साल की बच्ची ने किसी तरह हाथ खींचकर बचा लिया। हालांकि ट्रेन के झटके से पटरी किनारे गिरी महिला को गंभीर चोट लग गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचा दिया। इससे उसकी जान बच गई
बागसेवनिया थाने के एएसआइ सूर्यनाथ यादव ने बताया कि गौतम नगर निवासी 30 वर्षीय महिला के पति की मौत हो चुकी है। उसके दो बच्चे हैं। रविवार सुबह करीब सवा पांच बजे महिला रेल पटरी पर पहुंच गई थी। मां के पीछे-पीछे आठ साल की बेटी भी चली गई। मां सामने से आ रही ट्रेन के सामने जाना चाह रही थी, बेटी उसका हाथ पकड़कर अपनी तरफ खींच रही थी। इसी दौरान ट्रेन आ गई। यह देख बच्ची ने अपनी मां को जोर से खींचा। हालांकि फिर भी ट्रेन का धक्का महिला को लग गया और वह बेहोश होकर पटरी किनारे गिर पड़ी। इस बात की सूचना फोन पर थाने को मिली। सूचना मिलते ही महिला को जेपी अस्पताल भेजा गया। उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।
dharmpath.com dharmpath