इस्लामाबाद, 25 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने सोमवार को आतंक के खिलाफ अफगानिस्तान से सहयोग करने का संकल्प लिया। उन्होंने गत 23 जुलाई को काबुल में एक आत्मघाती हमले में 80 लोगों की मौत और 200 से अधिक लोगों के घायल होने की घटना मद्देनजर ऐसा किया।
शरीफ ने अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी से टेलीफोन पर बातचीत के दौरान कहा, “पाकिस्तान आतंकवाद के अभिशाप से लड़ने में अफगानिस्तान के साथ सहयोग और मजबूत करने के लिए दृढ़ प्रतिज्ञ है। आतंकवाद दोनों देशों का समान दुश्मन है।”
प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है, “प्रधानमंत्री ने काबुल में हुए नीचतापूर्ण आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान की जनता और सरकार की ओर से हार्दिक संवेदना व्यक्त की।”
आईएस की अमाक न्यूज एजेंसी के अनुसार, आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने देह माजंग में शियाओं की भीड़ के बीच हुए इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री शरीफ ने आतंकवाद की नृशंस कार्रवाई की सख्ती से निंदा की और मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त की।
बयान में कहा गया है कि गनी ने ऐसे नाजुक मौके पर सरकार के साथ एकजुटता का इजहार करने के लिए शरीफ का धन्यवाद किया।
राष्ट्रपति ने कहा, “आतंक के खिलाफ युद्ध में हम एक साथ हैं।”
dharmpath.com dharmpath