मुंबई, 30 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेता रणबीर कपूर के चचेरे भाई आदर जैन का कहना है कि उनका सपना निर्देशक बनने का है।
आदर ने शुक्रवार को अपनी आगामी फिल्म ‘कैदी बैंड’ के लिए आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, “मेरा सपना निर्देशक बनना है। मैंने फिल्म निर्देशकों के बतौर सहायक काम किया है, जहां मैं सेट पर सब कुछ देखता था, जैसे कि को डीओपी (डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी) किस तरह कोई शॉट तैयार करता है, लाइटिंग कैसे की जाती है, निर्देशक कैसे निर्देशन देते हैं और अभिनेता इसे कैसे लेते हैं और अभिनय करते हैं।”
उन्होंने कहा, “इसलिए मैं ये सारे काम करना चाहता हूं और कहानी भी लिखना चाहता हूं। लेकिन फिलहाल मैं अभिनय करना चाहता हूं। मैं भविष्य में निर्देशन के बारे में विचार कर सकता हूं।”
‘कैदी बैंड’ में अपनी भूमिका के बारे में आदर ने कहा, “मुझे नहीं पता जेल कैसी होती है। इस जगह रहना खतरनाक और मुश्किल है। फिल्म में मेरे किरदार का नाम संजू है। वह बड़ी उम्मीदों वाला एक भावुक लड़का है।”
हबीब फैजल की ‘कैदी बैंड’ से शुरुआत कर रहीं अन्या सिंह ने अपने किरदार के बारे बताया कि जेल में समय गुजारने के कारण उनकी भूमिका थोड़ी मुश्किलों भरी रही, क्योंकि उन्हें जेल में हर चीज के लिए लड़ना पड़ता था।
‘कैदी बैंड’ 25 अगस्त को रिलीज होगी।
dharmpath.com dharmpath