आदित्य वर्मा ने की श्रीसंत को दोषमुक्त किए जाने की सराहना

कोलकाता, 25 जुलाई (आईएएनएस)। बीसीसीआई से गैर-मान्यता प्राप्त क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार (सीएबी) के सचिव आदित्य वर्मा ने शनिवार को दिल्ली की अदालत द्वारा पूर्व तेज गेंदबाज एस. श्रीसंत को आईपीएल-2013 स्पॉट फिक्सिंग मामले में सभी आरोपों से मुक्त किए जाने वाले फैसले की सराहना की।

आदित्य ने इसके अलावा बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष एवं अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मौजूदा चेयरमैन एन. श्रीनिवासन के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को ही दिल्ली की एक अदालत ने श्रीसंत, राजस्थान रॉयल्स के उनके तत्कालीन साथी खिलाड़ी अंकित चव्हाण और अजित चंदीला सहित कुल 36 आरोपियों को अदालत ने दोषमुक्त कर दिया।

वर्मा ने कहा, “अंतत: न्याय की जीत हुई। बीसीसीआई द्वारा प्रतिबंधित किए गए खिलाड़ियों को दोषमुक्त कर दिया गया है। अदालत का यह फैसला श्रीनिवासन के मुंह पर तमाचा है, क्योंकि उन्होंने अपने दामाद गुरुनाथ मयप्पन को बचाने के लिए इन खिलाड़ियों को बलि का बकरा बनाने कोशिश की थी।”

वर्मा ने कहा, “अब समय आ गया है कि बीसीसीआई श्रीनिवासन के खिलाफ कार्रवाई करे और उन्हें आईसीसी चेयरमैन के पद से हटाया जाना सुनिश्चित करे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493