आधिकारिक तौर पर खुला रियो ओलम्पिक खेल गांव

रियो डी जेनेरियो, 25 जुलाई (आईएएनएस)। अगले महीने ब्राजील के महानगर रियो डी जेनेरियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों के खेल गांव का रविवार को आधिकारिक तौर पर उद्घाटन किया गया।

खेल गांव में बनाए गए 3,600 अपार्टमेंट दुनियाभर से यहां पहुंचने वाले अधिकारियों और खिलाड़ियों का स्वागत करने के लिए तैयार हैं।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, इस खेल गांव की मेयर 47 वर्षीया पूर्व महिला बास्केटबाल खिलाड़ी जानेथ अरकेन ने रियो डी जेनेरियो के मेयर इजुआडरे पेस के साथ रिबन काट कर इस खेल गांव का उद्घाटन किया। उनके साथ आयोजनकर्ता समिति के प्रमुख कार्लोस नुजमैन भी थे।

इस खेल गांव में 31 अपार्टमेंट बिल्डिंग हैं, जिनमें कुल 3,604 अपार्टमेंट हैं। ओलम्पिक के 17,000 और पैरालिम्पक खेलों के 6,000 खिलाड़ियों के लिए ये अपार्टमेंट घर की तरह होंगे।

कुछ विदेशी खिलाड़ी जिनमें शरणार्थी खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो पहले ही इस खेल गांव में आ चुके हैं।

इस खेल गांव में 24 घंटे जिम, धार्मिक केंद्र फूलों की दुकान, बैंक, पोस्ट ऑफिस, सैलून, और ब्यूटी सैलून भी है। इसके अलावा खाने के लिए एक बड़ा हॉल भी है, जहां एक दिन में 60,000 लोगों को खाना बांटा जाएगा।

रियो ओलम्पिक 2016 के प्रवक्ता मारियो अनड्राडा के मुताबिक, अभी तक रूस का कोई भी खिलाड़ी यहां नहीं आया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493