न्यूयार्क, 31 जनवरी (आईएएनएस)। अगर आप ऐसे मित्र की तलाश कर रहे हैं जिसकी पसंद-नापसंद आपके समान हो, तो इसमें यह नया एप आपकी मदद कर सकता है। ध्यान रहे कि यह एप केवल महिलाओं के लिए ही काम करता है।
जेजेबेल डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, ‘हे वीना’ नाम का यह एप प्रसिद्ध डेटिंग एप ‘टिंडर’ की ही तरह कार्य करता है। यह एप एक महिला को दूसरी महिला से जुड़ने का मौका प्रदान करता है, जहां वह अपनी पसंद, पसंदीदा गतिविधियां, शौक जैसी कई बातें शेयर कर सकती हैं।
इस एप के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओलिविया जून के हवाले से कहा गया है, “हमने इस एप को एक महिला के रूप में अपनी जरूरतों को देखते हुए बनाया है। हम काम के सिलसिले में कई स्थानों की यात्रा करते हैं, जहां हमारे मित्र मौजूद नहीं होते। ऐसे स्थानों पर हमें मित्रों की आवश्यकता होती है।”
टिंडर की तरह ही इसे पहले फेसबुक से कनेक्ट किया जाता है। इसके बाद 6 सवालों वाली एक सूची को भरा जाता है जिसमें आपके व्यकित्तव और पसंद-नापसंद से जुड़े सवाल होते हैं।
इसकी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद आप अपने अनुसार मित्रों का चयन और तलाश कर सकते हैं।
वर्तमान में यह एप सैन फ्रांसिस्को और न्यूयार्क तक ही सीमित है। भविष्य में इसे दूसरे इलाकों में भी इस्तेमाल में लाया जा सकेगा।
dharmpath.com dharmpath