नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। आयशर पोलारिस प्राइवेट लि. द्वारा निर्मित भारत का पहला पर्सनल यूटिलिटी वाहन ‘मल्टिक्स’ नेपाल में प्रवेश करने वाला है। आयशर पोलारिस प्राइवेट लि. ने गुरुवार को जयपुर में कूकास औद्योगिक क्षेत्र में कंपनी के प्लांट से ‘मल्टिक्स’ का अपना पहला लॉट रवाना किया।
आयशर पोलारिस लि. के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और निदेशक पंकज दूबे ने कहा, ‘ ‘मल्टिक्स’ के लिए ग्राहकों की प्रतिक्रिया उत्साहवर्धक रही है और इस क्षेत्र में सफलता के लिए नेपाल एक श्रेष्ठ स्थान है। ‘मल्टिक्स’ एक ग्राउंड-अप इनोवेशन है, जो स्वतंत्र बिजनेसमैन की गुणात्मक वृद्धि करने के लिए तैयार किया गया है। हमें विश्वास है कि यह नेपाल में स्वतंत्र बिजनेसमैन को सशक्त बनाएगा।”
उन्होंने बताया कि ‘मल्टिक्स’ उपभोक्ताओं की पारिवारिक, व्यापारिक और बिजली उत्पादन की जरूरतों को पूरा करने के लिए डिजाइन किया गया है। ‘मल्टिक्स’ में विशाल केबिन स्पेस है, जिसमें पांच लोगों का परिवार आसानी से बैठ सकता है और सामान भी रखा जा सकता है। इसमें बदलाव कर 1918 लीटर का विशाल स्टोरेज स्पेस भी निर्मित किया जा सकता है। ‘मल्टिक्स’ उपभोक्ताओं की व्यापारिक जरूरतों के अनुसार मात्र 3 मिनट में ही परिवार के लिए सीटिंग व्यवस्था से लेकर विशाल बूट स्पेस में तब्दील हो सकता है।
आयशर पोलारिस प्राइवेट लि. आयशर मोटर्स लि. एवं पोलारिस इंडस्ट्रीज इंक, यूएसए के बीच 50:50 संयुक्त उपक्रम है।
dharmpath.com dharmpath