नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। सामाजिक मूल्यों, युवाओं की सोच, समाज में व्याप्त विषमताओं को ध्यान में रखकर बनाई गई फिल्म ‘आयाम’ प्रदर्शन के लिए तैयार है। पिछले दिनों दिल्ली में आयोजित बायोस्कोप ग्लोबल फिल्म फेस्टिवल में इस फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म समीक्षकों ने फिल्म की सराहना की।
फिल्म के निर्माता प्रेम कुमार शर्मा ने आईएएनएस से कहा कि छोटे बजट और कम पहचान वाले कलाकार को लेकर फिल्म बनाना चुनौती पूर्ण जरूर है, लेकिन विषय और कहानी दमदार हो तो फिल्म न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा करती है बल्कि समीक्षकों की भी वाहवाही मिलती है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘मसान’, ‘फिल्मिस्तान’, इसका उदाहरण है।
फिल्म के निर्माता प्रेम कुमार शर्मा सेंसर बोर्ड की दोहरी नीति से नाखुश हैं। उन्होंने रोष भरे शब्दों में बताया कि फिल्म ‘आयाम’ में कुछ भी अश्लीलता नहीं है। बोर्ड के कुछ सदस्यों को ‘साला’ जैसी गाली पर भी आपत्ति थी। जबकि दूसरी तरफ आर. माधवन की फिल्म ‘साला खडूस’ को पास करते हैं।
उन्होंने कहा कि पहली प्रिव्यू कमिटी ने फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट देने से मना कर दिया। फिर रिवाजिंग कमिटी ने 20 से ज्यादा कट के बाद ही यू ए सर्टिफिकेट देने को तैयार हुआ।
अभिनेता दीपक सिंह ने कहा, “यह अलग तरह की फिल्म है। फिल्म में मेरी भूमिका चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन इसे निभाने की कोशिश की है।”
तेलुगू फिल्मों की लोकप्रिय अभिनेत्री दीक्षा पंत फिल्म ‘आयाम’ से बालीवुड में दस्तक दे रही है और वो फिल्म में अपने रोल को लेकर खासी उत्साहित है।
‘आयाम’ इमेज मीडिया विपन प्रोडक्शन हाउस की यह पहली फिल्म है। फिल्म में चार गीत हैं, जिसे नीति मोहन और मोहम्मद इरफान ने आवाज दी है। फिल्म के संगीतकार साहिल भाटिया हैं।
dharmpath.com dharmpath