नोएडा, 27 जुलाई (आईएएनएस)। छोटे एवं मझोले व्यवसायों को वित्तीय व सामाजिक सेवाएं मुहैया कराने वाली कंपनी आय फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड ने उत्तर प्रदेश के नोएडा में गुरुवार को अपनी नई शाखा का उद्घाटन किया। कंपनी ने अगले तीन वर्षो में पांच लाख लोगों को 2,000 करोड़ रुपये का ऋण मुहैया कराने का लक्ष्य तय किया है।
कंपनी के प्रबंध निदेशक संजय शर्मा ने नोएडा में कंपनी की शाखा का उद्घाटन करने के दौरान कहा, “असंगठित क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और कंपनी की यह शाखा छोटे एवं मझोले उद्यमियों को कार्यशील पूंजी और अन्य पूंजी जरूरतों को पूरा करने के लिए किफायती दर पर ऋण मुहैया कराएगी। हमारा लक्ष्य अगले तीन वर्षों में पांच लाख लोगों को 2,000 करोड़ रुपये तक का ऋण मुहैया कराना है।”
शर्मा ने कहा, “क्रिसिल इनक्लूसिक्स रिपोर्ट जून 2015 के अनुसार, वित्तीय समावेशन के संदर्भ में उत्तर प्रदेश का स्थान ‘औसत से नीचे’ है। आय फाइनेंस में हम ऋण सुविधा आसानी से उपलब्ध कराकर वित्तीय तंगी झेल रहे छोटे एवं मझोले उद्यमों को औपचारिक उधारी व्यवस्था के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नोएडा में यह नई शाखा पूरे उत्तर प्रदेश में फैले सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) को जरूरी वित्तीय सहायता मुहैया कराने के हमारे मिशन को मजबूत बनाएगी। इससे हमें वित्तीय समावेशन की राष्ट्रीय अनिवार्यता को पूरा करने के साथ साथ उत्तर प्रदेश में अपनी उपस्थिति मजबूत बनाने में भी मदद मिलेगी।”
उन्होंने कहा, “आय फाइनेंस उत्तर प्रदेश में वर्ष 2014 से छोटे एवं मझोले उद्यमों को सेवा मुहैया करा रही है। राज्य में अब उसकी शाखाओं की संख्या 12 हो गई है जिनमें आगरा, मेरठ, फिरोजाबाद, सहारनपुर, कानपुर, अलीगढ़, बुलंदशहर, मथुरा, लखनऊ, मोदीनगर, हापुड़ और नोएडा शामिल हैं।”
dharmpath.com dharmpath