जमशेदपुर, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। केरल पब्लिक स्कूल (केपीएल) ने रिलायंस फाउंडेशन यूथ स्पोर्ट्स फुटबाल टूर्नामेंट में सोमवार को नवरानग्राई सूर्यादेवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर (एनएसएसएसवीएम) को करीबी मुकाबले में पेनाल्टी शूटआउट में 5-4 से हरा दिया।
निर्धारित समय में मैच 1-1 से बराबरी पर छूटा था जिसके बाद पेनाल्टी शूटआउट में फैसला हुआ।
सुमंत मलगांवकर स्टेडियम में खेले गए इस मैच में एनएसएसएसवीएम के लिए 44वें मिनट में रचित महतो ने पहला गोल किया, लेकिन छह मिनट बाद शिवम घोष ने केपीएस को बराबरी पर ला दिया।
इसके बाद दोनों टीमें मैच के निर्धारित समय तक गोल नहीं कर पाई जिसके कारण मुकाबला पेनाल्टी शूटआउट में गया। पेनाल्टी शूटआउट में केपीएस के लिए मोहम्मद अमानुल्लाह, लोकेश मुर्मु, शिवम घोष, और बिष्णु सम्राट ने पेनाल्टी को गोल में बदला जबकि तुषार श्रीवास्तव चूक गए।
एनएसएसएसवीएम के लिए राबिलाल मुर्मु, सुरेश हांसदे और रचित महतो पेनाल्टी पर गोल कर पाए जबकि अजय माझी और अभिनव महतो चूक गए।
स्कूल गर्ल्स श्रेणी में जस्को स्कूल ने जेएच तारापोरे हाई स्कूल को 1-0 से मात दी। आर्मरी ग्राउंड पर खेले गए मैच में अपर्णा मुर्मु ने मैच का इकलौता गोल किया। मुशरा खानम को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पहले, श्री कृष्ण पब्लिक स्कूल ने टैगोर अकादमी को इसी मैदान पर 2-0 से मात दी। अरबाज खान ने 31वें मिनट और शुभम मिश्रा ने 50वें मिनट में गोल दागे।
विग इंग्लिश स्कूल ने संत नंदलाल स्कूल विद्या मंदिर स्कूल को 1-0 से मात दी। इस मैच में देवदास सुनानी ने 10वें मिनट में गोल किया। सीएमजेकेएम इंटर कॉलेज ने एसडीएसएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस को 1-0 से मात दी। विजेता टीम के लिए गोपाल मुर्मु ने 42वें मिनट में गोल किया।
dharmpath.com dharmpath