नई दिल्ली, 13 सितम्बर (आईएएनएस)। मोतीलाल नेहरू कॉलेज और जाकिर हुसैन कॉलेज ने बुधवार को यहां जारी रिलायंस फाउंडेशन यूथ स्पोर्ट्स (आरएफवाईएस) फुटबाल टूर्नामेंट के कॉलेज ब्वाएज वर्ग में शानदार जीत दर्ज की।
नेहरू कॉलेज ने आत्मा राम सनातन धर्म कालेड को 3-2 से हराया जबकि जाकिर हुसैन कॉलेज ने पेनाल्टी शूटआउट के आधार पर श्रीराम कॉलेज ऑफ कामर्स को 6-5 से हराया। निर्धारित समय की समाप्ति तक दोनों टीमों का स्कोर 2-2 था।
सनातन धर्म कॉलेज को मौके गंवाने का मलाल होगा। उसे तीसरे ही मिनट में सुभम सिंह नेगी के गोल की मदद से बढ़त ले ली थी। नेहरू कॉलेज ने 12वें मिनट में बराबरी का गोल किया। इसके बाद यमन सिंह ने शानदार खेल दिखाते हुए एक और गोल कर नेहरू कॉलेज को 2-1 से आगे कर दिया।
सनातन धर्म कॉलेज को हालांकि बराबरी का गोल करने में वक्त नहीं लगा। उसने 18वें मिनट में रक्षित कुमार के गोल की मदद से 2-2 की बराबरी कर ली।
दूसरे हाफ में दोनों टीमें सावधानीपूर्वक खेलीं। ऐसा लग रहा था कि मैच का फैसला शूटआउट से होगा लेनिक वरुण मिश्रा ने अंतिम सेकेंड में गोल करते हुए नेहरू कॉलेज को रोमांचक जीत दिला दी।
दूसरे मैच में श्रीराम कॉलेज ने 15वें मिनट तक जाकिर हुसैन कॉलेज के खिलाफ 2-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। ये दोनों गोल शुभम ठाकुर ने किए। दूसरे हाफ में हालांकि जाकिर हुसैन ने पवन प्रताप सिंह (34वें) और वनलाल झावमा (50वें) मिनट में गोल करते हुए स्कोर बराबर कर दिया।
पेनाल्टी शूटआउट में श्रीराम कॉलेज ने पहला ही मौका गंवा दिया जबकि जाकिर हुसैन ने सभी चार मौकों पर गोल किए।
परिणाम : (कॉलेज ब्वाएज)
1. दिल्ली टेक्नीकल यूनिवर्सिटी ने कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडीज को 5-3 (पेनाल्टी शूटआउट) से हराया।
2. इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंसेज ने श्री अरविंदो कॉलेज को 1-0 से हराया।
3. डीजीपी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट ने ट्रिनिटी इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज को 4-0 से हराया।
4. मोतीलाल नेहरू कॉलेज ने आत्मा राम सनातन धर्म कॉलेज को 2-0 से हराया।
5. जाकिर हुसैन कॉलेज ने श्रीराम कॉलेज ऑफ कामर्स को 6-5 (2-2) से हराया।
6. श्री अरविंदो कॉलेज ने रामानुजम कॉलेज को 1-0 से हराया।
7. हिंदू कॉलेज ने भारती विद्यापीठ कालेज ऑफ इंजीनियरिंग को 2-0 से हराया।
8. जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय ने आईईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस को 2-0 से हराया।
9. पीजीडीएवी कॉलेज ने आईआईएमटी ग्रुप ऑफ कालेजेज को 11-0 से हराया।
10. शारदा यूनिवर्सिटी ने नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी को 4-0 से हराया।
dharmpath.com dharmpath