आरएफवाईएस फुटबाल टूर्नामेंट में जस्को साउथ पार्क अगले दौर में

जमशेदपुर, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। जस्को स्कूल (साउथ पार्क) ने रिलयांस फाउंडेशन यूथ स्पोर्ट्स फुटबाल टूर्नामेंट के जूनियर ब्वॉयज वर्ग में मंगलवार को कड़े मुकाबले में टाई ब्रेकर में आंध्रा एसोसिएशन को 5-4 से हराया।

आर्मरी ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में 46वें मिनट में पहला गोल करते हुए शोएब खान ने जस्को स्कूल को बढ़त दिलाई। उनकी यह बढ़त ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी और तीन मिनट बाद ही फहीम खान ने आंध्रा एसोसिएशन के लिए बराबरी का गोल किया। इससे बाद दोनों टीमें निर्धारित समय तक गोल नहीं कर पाईं और मैच पेनाल्टी शूटआउट में गया जहां जस्को के लिए राहुल ओझा, शोएब खान, माज अंसारी और यश भार्गव ने गोल दागे।

आंध्रा एसोसिएशन के लिए तौसीफ इकबाल, अरसलान खान और मोहम्मद सैफ ने पेनाल्टी को गोल में तब्दील किया, लेकिन हिदायत अली और साहिर अली चूक गए।

एक और मुकाबले में अपग्रेडेड हाईस्कूल, चेनपुर ने अपग्रेडेड मिडिल स्कूल को जूनियर ब्वॉयज क्वालीफायर में 3-1 से मात दी। विजेता टीम के लिए शंकर हेमब्राम ने दो गोल किए जबकि सागेन हेमब्रेम ने एक गोल किया। टेल्को कॉलोनी के सुमत मलगांवकर स्टेडियम में खेले गए इस मैच में सागेन ने 10वें मिनट में अपनी टीम को एक गोल की बढ़त दिला दी थी। शंकर ने 41वें और 45वें मिनट में गोल किए। अपग्रेडेड मिडिल स्कूल के लिए शिवलाल टुडु ने एक गोल किया।

केरल पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर ने केरल पब्लिक प्रोजेक्ट स्कूल, काडमा को आर्मरी ग्राउंड पर 1-0 से मात दी। देवदास टुडु ने 55वें मिनट में एक मात्र गोल किया।

इससे पहले, सिद्धू कानू शिक्षा निकेतन हाई स्कूल, डिमना (एसकेएसएन) ने अपग्रेडेड हाईस्कूल, खुरादीह को समुंत मलगांवकर स्टेडियम में 3-1 से मात दी। विजेता टीम के लिए विशाल बोडरा ने 13वें और 31वें मिनट में दो गोल किए जबकि सनंत मुमरू ने 45वें मिनट में गोल किया। खुरादीह स्कूल के लिए 33वें मिनट में करण सरदार ने इकलौता गोल किया।

जूनियर ब्वॉयज क्वालीफायर में गीतीलता हाई स्कूल ने गुरु गोविंद सिंह हाई स्कूल को 6-0 से मात दी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493