नई दिल्ली, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (जीएनआईटी) ने मंगलवार को जसोला स्थित नेताजी सुभाष स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खेले गए रिलायंस यूथ फाउंडेशन स्पोर्ट्स (आरएफवाईएस) फुटबाल टूर्नामेंट में पेनाल्टी शूटआउट के आधार पर गिलगोटियाज कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग को 3-2 से हरा दिया।
ब्वाएज वर्ग के इस रोमांचक मुकाबले में दोनों टीमें निर्धारित समय की समाप्ति तक 1-1 से बराबरी पर थीं। अंकुर यादव ने गिलगोटियाज के लिए मैच का पहला गोल दूसरे मिनट में किया।
इसके बाद जीएनआईटी ने जबरदस्त दबाव बनाते हुए 17वें मिनट में बराबरी का गोल कर दिया। दूसरे हाफ में दोनों टीमों की ओर से कोई गोल नहीं हो सका। इस दौरान हालांकि दोनों टीमों को गोल करने के सीमित मौके मिले।
पेनाल्टी शूटआउट में शुरुआत चार प्रयास गोल में तब्दील होने के बाद मैच का रोमांच और बढ़ गया। अपने तीसरे प्रयास में गिलगोटियाज कॉलेज को नाकामी मिली लेकिन जीएनआईटी ने इसे गोल में बदलते हुए अपनी जीत सुनिश्चित की।
आरएफवाईएस टूर्नामेंट अपने अस्तित्व के दूसरे साल में है और इसके मैच देश भर के 17 शहरों में खेला जाते हैं। कुल 4,390 स्कूल, कालेज और इंस्टीट्यूट अपने-अपने शहरों में जारी बादशाहत की जंग में शामिल हैं। हर वर्ग का विजेता नेशनल राउंड में हिस्सा लेगा।
यह टूर्नामेंट फीफा नियमों के आधार पर खेला जा रहा है और इसके मैचों की अवधि आयु वर्ग के अनुसार निर्धारित की जाती है। सभी मैचों में अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ के मान्यता प्राप्त रेफरी हिस्सा लेते हैं।
बीते दो सालों में आरएफवाईएस ने अपना एक खास मुकाम बनाया है। इंडियन सुपर लीग में हिस्सा लेने वाली टीमें भी नई प्रतिभा की तलाश के लिए आरएफवाईएस का रुख करती हैं।
पहले ही साल आरएफवाईएस के आठ खिलाड़ी एएफसी क्वालीफायर्स के लिए भारत की अंडर-23 सम्भावित टीम में शामिल किए गए थे। कोच्चि के अजीत सिवान (21) को केरला ब्लासटर्स ने आईएसएल के अगले सीजन के लिए ‘डेवलेप्मेंट प्लेयर’ के तौर पर अपने साथ जोड़ा था।
dharmpath.com dharmpath