आरबीआई ने ब्याज दरें यथावत रखी (लीड-1)

मुंबई, 9 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर रघुराम राजन ने अपने कार्यकाल की आखिरी मौद्रिक नीति समीक्षा में मुख्य ब्याज दरों में मंगलवार को कोई बदलाव नहीं किया।

आरबीआई ने रेपो दर को यथावत 6.5 प्रतिशत पर बरकरार रखा है। नकद आरक्षित अनुपात (सीआरआर) को भी चार प्रतिशत पर बरकरार रखा गया है।

रेपो दर वह दर है, जिस पर वाणिज्यिक बैंक अल्पावधि के लिए रिजर्व बैंक से उधारी लेते हैं।

आरबीआई ने पिछली बार सात जून को भी नीतिगत समीक्षा में प्रमुख ब्याज दरों में बदलाव नहीं किया था।

राजन ने कहा, “हाल ही में खाद्य कीमतों में अनुमान से अधिक वृद्धि से साल की बाकी बची अवधि के लिए महंगाई अनुमान बढ़ गया है। मौजूदा जोखिमों को देखते हुए यह उचित है कि नीतिगत दरों में किसी तरह का बदलाव न किया जाए।”

शेयर बाजार मंगलवार को मजबूती के साथ खुले थे, लेकिन बाद में मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक के शुरू होने के दबाव से इसमें कमजोरी आ गई। इस बात का पता लगने पर कि नीतिगत ब्याज दरों में बदलाव नहीं किया जाएगा, बाजार में तेज गिरावट देखी गई। लेकिन कुछ देर बाद ही इसमें सुधार देखने को मिला।

सरकार ने महंगाई दर का लक्ष्य पहले ही चार प्रतिशत निर्धारित कर रखा है, लेकिन आरबीआई ने मार्च 2017 तक पांच प्रतिशत तक महंगाई रहने का अनुमान बरकरार रखा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493