लंदन, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। इंग्लैंड सरकार से मिलने वाली आर्थिक मदद में कटौती के चलते इस वर्ष मिश्रित टीम बैडमिंटन चैम्पियनशिप सुदीरमन कप-2017 में हिस्सा नहीं ले सकेगा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने इंग्लैंड बैडमिटन के परफॉर्मेस निदेशक जॉन अस्टिन के हवाले से लिखा है, “सुदीरमन कप से इंग्लैंड का नाम वापस लेना बेहद निराशाजनक है।”
उन्होंने कहा, “सुदीरमन कप में हम लंबे अर्से से हिस्सा लेते रहे हैं। हम बतौर संस्थापक सुदीरमन कप की पहली चैम्पियनशिप में भी मौजूद थे।”
उन्होंने कहा, “सुदीरमन कप हमेशा से ही हमारी रणनीति में था, खासकर इस बात को ध्यान में रखकर की 11 महीने बाद राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन होना है। लेकिन हम इस समय नए आर्थिक फैसलों के कारण अजीब स्थिति में हैं।”
इंग्लैंड को मई में होने वाले इस टूर्नामेंट में मलेशिया और मौजूदा विजेता जापान के साथ एक ही ग्रुप में रखा गया था, लेकिन अब वह अपनी टीम नहीं भेजेगा।
ऑस्टिन ने कहा, “यह फैसला लेना मुश्किल था, लेकिन फिर भी हमें लेना पड़ा। हम पर आर्थिक और संसाधनों के तौर पर जो दबाव पड़ रहा है उसके कारण हम इस स्थिति में नहीं हैं कि सुदीरमन कप में हिस्सा ले सकें।”
सुदीरमन कप आस्ट्रेलिया में 21 मई से शुरू होगा। यह टूर्नामेंट हर दो साल में आयोजित होता है। दो साल पहले इंग्लैंड इस टूर्नामेंट में नौवें स्थान पर रहा था। उसका इस टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2007 में रहा है जब वह सेमीफाइनल में पहुंचा था।
dharmpath.com dharmpath