लंदन, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। आर्सेनल फुटबाल क्लब के कोच आर्सेने वेंगर क्लब के प्रशंसकों के बीच एकता की कमी से बेहद निराश और नाराज हैं।
वेबसाइट ‘ईएसपीएन डॉट कॉम’ की रिपोर्ट के अनुसार, प्रशंसकों के बीच एकता की कमी उनके कोच पद से हटने के पीछे के कारणों में से एक है।
इस सीजन के अंत में आर्सेनल के कोच पद से हटने की घोषणा करने के बाद पहली बार संवाददाताओं से बात करते हुए वेंगर ने कहा, “हमारे प्रशंसकों में एकता की झलक नजर नहीं आ रही है। मुझे क्लब में एकता चाहिए। प्रशंसकों के बीच विभाजन को देखना दुखदायी है।”
वेंगर ने कहा, “मैं अजीब बयान देकर सुर्खियां नहीं बटोरना चाहता। मैं प्रशंसकों से भी नाराज नहीं हूं। मुझे बस ऐसा महसूस होता है कि इस क्लब की छवि बेहतरीन है, लेकिन प्रशंसकों ने उस प्रकार से एकता नहीं दिखाई है। मुझसे कहीं बढ़कर मेरे लिए इस क्लब की प्रतिष्ठा मायने रखती है। मैं खुश होता हूं, जब क्लब के प्रशंसक खुश होते हैं और उन्हें खुश करने के लिए मैं परेशानी झेलने के लिए भी तैयार हूं।”
अपने कोच पद से हटने के फैसले के पीछे के मुख्य कारण के बारे में वेंगर ने कोई खुलासा नहीं किया है। उनका कहना है कि वह इस सीजन के खत्म होने के बाद अपने फैसले का कारण बताएंगे।
dharmpath.com dharmpath