मेलबर्न, 18 जनवरी (आईएएनएस)। विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला टेनिस खिलाड़ी जर्मनी की एंजेलिक केर्बर ने बुधवार को आस्ट्रेलियन ओपन के दूसरे दौर में जीत हासिल करते हुए अपना 29वां जन्मदिन मनाया।
उन्होंने हमवतन कारिना विथोएफ्ट को 6-2, 6-7(3), 6-2 से मात देते हुए तीसरे दौर में जगह बनाई।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, केर्बर की विपक्षी ने उन्हें कड़ी टक्कर दी लेकिन दो घंटे 10 मिनट में यह मुकाबला वह अपने नाम करने में सफल रहीं।
मौजूदा चैम्पियन केर्बर ने मैच के बाद कहा, “मैं हमेशा से अपने जन्मदिन पर खेलती रही हूं और मेरा जन्मदिन हमेशा से आस्ट्रेलियन ओपन के दौरान ही आता है।”
तीसरे दौर में केर्बर का समाना चेक गणराज्य की किस्र्टेन प्लिसकोवा से होगा, जिन्होंने दूसरे दौर में रोमानिया की इरिना बेगु को 6-4, 7-6(10-8) से मात दी।
महिला एकल वर्ग के एक अन्य मुकाबले में कनाडा की यूजनी बुचार्ड ने चीन की शुआई पेंग को 6-2, 6-7(3), 6-2 से मात देते हुए तीसरे दौर में जगह बना ली है।
dharmpath.com dharmpath