मेलबर्न, 22 जनवरी (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियन ओपन के पुरुष एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पूर्व शीर्ष वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर का सामना जर्मनी के मिशा जवेरेव से होगा।
टूर्नामेंट में रविवार को हुए चौथे दौर के दो मुकाबलों में जहां एक ओर फेडरर ने जापान के की निशिकोरी को मात दी, वहीं विश्व की 50वीं वरीयता प्राप्त जवेरेव ने ब्रिटेन के स्टार खिलाड़ी एंडी मरे को खिताबी दौड़ से बाहर कर दिया।
अपने करियर में 17 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके फेडरर ने निशिकोरी को रविवार को हुए मुकाबले में 6-7(4), 6-4, 6-1, 4-6, 6-3 से मात दी।
इस जीत के साथ ही मरे ने शीर्ष 10 रैंक वाले खिलाड़ियों के खिलाफ 200 मैच जीतने का नया रिकॉर्ड भी बनाया है।
वेबसाइट ‘एटीपीवर्ल्डटूर डॉट कॉम’ को जीत के बाद दिए एक बयान में फेडरर ने कहा, “निशिकोरी ने पूरे दिल से यह मुकाबला खेला और मुझे लगता है कि उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। मैं इस मैच का हिस्सा बनकर खुश हूं।”
फेडरर ने कहा, “उनसे मुकाबला काफी मुश्किल था। मैं अपने आप को मैच के दौरान शांत रखने की कोशिश कर रहा था। मेरे करियर में यह मेरे लिए एक शानदार पल है।”
इसके अलावा, टूर्नामेंट में हुए एक अन्य मैच में जवेरेव ने विश्व के शीर्ष वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी मरे को 7-5, 5-7, 6-2, 6-4 से मात दी।
फेडरर और जवेरेव का सामना अब तक दो बार हो चुका है और दोनों बार स्विट्जरलैंड के स्टार खिलाड़ी ने जीत हासिल की है।
dharmpath.com dharmpath