मेलबर्न, 19 जनवरी (आईएएनएस)। आठवीं वरीय प्राप्त वीनस विलियम्स मंगलवार को आस्ट्रेलियन ओपन के पहले दौर में ही हार कर टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। उन्हें विश्व की 47वें नंबर की खिलाड़ी जोहान्ना कोंटा ने हराया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, खराब फॉर्म से जूझ रहीं वीनस की 2016 की शुरुआत खराब रही। उन्हें कोंटा ने सीधे सेटों में 4-6,2-6 से हराया।
पहला सेट गंवाने के बाद वीनस दूसरे सेट में काफी कमजोर लग रही थीं। वह कोंटा के सामने जूझती नजर आ रही थीं।
वहीं कोंटा ने कहा है कि यहां आने से पहले दो टूर्नामेंट खेलने के बाद भी वह ज्यादा अच्छी फॉर्म में नहीं थीं।
उन्होंने कहा, “मैंने यहां आने से पहले दो टूर्नामेंट खेले, लेकिन सही नतीजे नहीं रहे। फिर भी मुझे विश्वास था कि मैं यहां अच्छा खेल दिखाऊंगी। कभी आप जीतते हो, कभी हारते हो, आज मुझे जीत मिली। मैं एक शानदार खिलाड़ी के सामने खेल रही थी। मैंने उनेक सामने अच्छा खेल दिखाया।”
दूसरे दौर में कोंटा का सामना चीन की झेंग सांईसांई और जर्मनी की कारिना विटहोल्ट के बीच मंगलवार को होने वाले मैच की विजेता से होगा।
dharmpath.com dharmpath