आस्ट्रेलियन ओपन में सायना को दूसरी वरीयता

सिडनी, 20 मई (आईएएनएस)। भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल 26 से 31 मई के बीच आयोजित होने वाले 750,000 डॉलर इनामी राशि वाले आस्ट्रेलियन ओपन सुपरसीरीज के महिला एकल वर्ग में दूसरी वरीय खिलाड़ी के तौर पर हिस्सा लेंगी।

विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त सायना इस टूर्नामेंट में अपने अभियान का आगाज एक क्वालीफायर खिलाड़ी के खिलाफ करेंगी।

पी. वी. सिंधू इस टूर्नामेंट में गैरवरीय खिलाड़ी के तौर पर हिस्सा लेंगी और उन्हें अपना पहला ही मुकाबला पूर्व विश्व चैम्पियन चीन की यिहान वांग के खिलाफ खेलना है। विश्व वरीयता में सिंधू 11वें पायदान पर हैं।

दूसरी ओर, पुरुष एकल वर्ग में चौथे वरीयता प्राप्त किदांबी श्रीकांत टूर्नामेंट में भी चौथे वरीय खिलाड़ी के तौर पर अपनी चुनौती पेश करेंगे। उन्हें पहला मुकाबला डेनमार्क के हांस-क्रिस्टियान विटिंगुस के खिलाफ खेलना है। एच. एस प्रनॉय अपने अभियान की शुरुआत चीन के तियान हुवेइ के खिलाफ करेंगे।

पिछले साल राष्ट्रमंडल खेलों के पुरुष एकल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाले पारुपल्ली कश्यप को भी पहले मुकाबले में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। वह छठे वरीय चीन के वांग झेंगमिंग के खिलाफ खेलेंगे।

पुरुष युगल वर्ग में प्रणव चोपड़ा और अक्षय देवाल्कर पहले मैच में काइ यून और कांग जुन की जोड़ी का सामना करेंगे। महिला युगल वर्ग में राष्ट्रमंडल खेलों की चौम्पियन जोड़ी ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा का सामना नीदरलैंड्स के सामंथा बार्निग और इरिस टाबेलिंग से होगा।

मिश्रित युगल वर्ग में कोई भी भारतीय जोड़ी हिस्सा नहीं ले रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493