मेलबर्न, 25 जनवरी (आईएएनएस)। बुल्गारिया के टेनिस खिलाड़ी ग्रिगोर दिमित्रोव ने बुधवार को साल के पहले ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट आस्ट्रेलियन ओपन के पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
दिमित्रोव ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बेल्जियम के डेविड गोफिन को दो घंटे 13 मिनट चले मुकाबले में 6-3, 6-2, 6-4 से मात दी।
दिमित्रोव ने इस साल अपने सभी मैच जीते हैं। उन्होंने हाल ही में ब्रिस्बेन इंटरनेशनल टूर्नामेंट के फाइनल में जापान के केई निशिकोरी को मात देते हुए अपना पांचवां खिताब जीता था।
वह दूसरी बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं। तीन साल पहले वह विंबलडन का सेमीफाइनल खेल चुके हैं।
समाचार एजेंसी एफे न्यूज के मुताबिक, 15वीं वरीय दिमित्रोव एक बार से ज्यादा ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले बुल्गारिया के पहले खिलाड़ी हैं। सेमीफाइनल में उनका सामना कनाडा के मिलोस राओनिक और स्पेन के राफेल नडाल के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।
मैच के बाद दिमित्रोव ने कहा, “इस साल के लिए मैंने अपने लिए कुछ लक्ष्य तय किए हैं। मैं दिन ब दिन बेहतर प्रदर्शन करना चाहता हूं।”
dharmpath.com dharmpath