आस्ट्रेलियाई टीम की बस पर पत्थर फेंकने को लेकर चार गिरफ्तार

गुवाहाटी, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया की टी-20 टीम की बस पर 10 अक्टूबर की शाम को पत्थर फेंकने के आरोप में रविवार को चार युवकों को गिरफ्तार किया गया। असम के पुलिस प्रमुख ने यह जानकारी दी।

इन चारों को गोरचक पुलिस थाने में दर्ज मामले के सिलसिले में भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या की कोशिश) के तहत गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा युवकों पर धारा 336 (जीवन को खतरे में लाने), 427 (अपमानजनक क्षति) और 511 (अपराध करने का प्रयास) भी लगाई है।

हालांकि, पुलिस ने इनके नाम का खुलासा नहीं किया क्योंकि यह अभी पता नहीं चल पाया है कि आरोपी किशोर हैं या वयस्क।

पुलिस महानिदेशक मुकेश सहाय ने कहा, “अभी तक हुई जांच से पता चला है कि युवक आस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के बुरे प्रदर्शन से नाराज थे। उन्होंने मैच शुरू होने से पहले मदिरा का सेवन भी किया था।”

सहाय ने आगे कहा, “रात के खाने के बाद, वे शहर की साकुची इलाके के निकट बामूनपारा चौक में गपशप कर रहे थे जहां उन्होंने टीम की बस को देखा। उनमें से एक ने बस पर पत्थर फेंका और वह भाग खड़े हुए।”

गुवाहाटी में तीन मैचों की सीरीज के दूसरे टी-20 मैच में आठ विकेट से जीत हासिल करने के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को क्रिकेट स्टेडियम से होटल लौट रही थी, तब उनकी बस पर पत्थर फेंका गया।

डीजीपी ने कहा कि पुलिस स्थानीय अदालत से युवकों के 10 दिनों की हिरासत की मांग करेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493