कैनबरा, 4 सितम्बर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलियाई डॉलर शुक्रवार को गिरावट के साथ छह साल से अधिक समय के निचले स्तर पर पहुंच गया।
आस्ट्रेलिया ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (एबीसी) के मुताबिक, आस्ट्रेलियाई स्टॉक एक्सचेंज (एएसएक्स) के एक प्रमुख सूचकांक ऑल ऑर्डिनरीज भी छह अंक गिरावट के साथ 5,043 पर बंद हुआ, जबकि एएसएक्स-200 छह अंकों की गिरावट के साथ 5,022 पर बंद हुआ।
अप्रैल 2009 के बाद पहली बार आस्ट्रेलियाई डॉलर गिरावट के साथ 70 अमेरिकी सेंट से नीचे पहुंच गया।
वर्तमान वर्ष की दूसरी तिमाही की विकास दर उम्मीद से कम दर्ज किए जाने के बाद मुद्रा में यह गिरावट दर्ज की गई है।
आस्ट्रेलियन ब्यूरो ऑफ स्टैटिस्टिक्स (एबीएस) के मुताबिक, दूसरी तिमाही में देश की विकास दर 0.2 फीसदी रही। विकास दर 2013 की प्रथम तिमाही के बाद सबसे कम है।
एबीएस के आंकड़ों के मुताबिक, खनन, निर्माण और निर्यात में गिरावट दर्ज किए जाने की वजह से विकास दर कम दर्ज की गई है।
dharmpath.com dharmpath