कैनबरा, 2 जून (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मैल्कम टर्नबुल ने शुक्रवार को कहा कि मलेशिया एयरलाइंस के लापता विमान एमएच 370 की खोज के लिए आस्ट्रेलिया हर संभव मदद कर सकता है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, आस्ट्रेलिया, चीन और मलेशिया द्वारा जनवरी में संयुक्त बयान जारी कर आठ मार्च, 2014 को लापता हुए बोइंग 777 जेट की खोज को विश्वसनीय नए सबूतों के मिलने तक रोकने की पुष्टि की गई थी।
यह संयुक्त अभियान इतिहास में किसी विमान के लिए सबसे बड़ी खोज के रूप में वर्णित है। इसके तहत दक्षिणी हिंद महासागर के 1,20,000 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र को कवर किया गया था, जिसमें कुछ सफलता हासिल नहीं हुई थी।
टर्नबुल के एक प्रवक्ता ने कहा कि सरकार अभी भी विमान को खोजने की उम्मीद कर रही है, जो उस समय छह ऑस्ट्रेलियाई और 153 चीनी नागरिकों को ले जा रहा था।
प्रवक्ता ने ‘न्यूज कॉर्प’ को बताया, “प्रधानमंत्री इस मुद्दे को अपने मलेशियाई समकक्ष के साथ बात करने के दौरान हर बार उठाते हैं।”
उन्होंने कहा, “मलेशिया लापता एमएच370 उड़ान की खोज में अग्रणी देश है, लेकिन आस्ट्रेलिया किसी भी तरह की सहायता के लिए तैयार है। वर्तमान में इस खोज को रोक दिया गया, लेकिन कोई भी विश्वसनीय सबूत मिलते ही आस्ट्रेलियाई सरकार मलेशियाई सरकार के साथ मिलकर खोज को दोबारा शुरू करने के लिए हर संभव मदद करेगी।”
dharmpath.com dharmpath