आस्ट्रेलिया ओपन जीतने पर श्रीकांत को बधाइयों का तांता

नई दिल्ली, 25 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारत रत्न से सम्मानित महान क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर और खेल मंत्री विजय गोयल भारत के अग्रणी बैडमिंटन स्टार किदाम्बी श्रीकांत को आस्ट्रेलिया ओपन सुपर सीरीज खिताब जीतने पर बधाई देने वालों में शामिल हैं।

श्रीकांत ने रविवार को मौजूदा ओलम्पिक विजेता चीन के चेन लोंग को 22-20, 21-16 से हराते हुए अपना दूसरा सुपर सीरीज खिताब जीता। यह लोंग के खिलाफ लगातार पांच हार के बाद श्रीकांत की पहली जीत है।

प्रधानमंत्री ने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में कहा, “बैडमिंटन खिलाड़ी श्रीकांत ने हाल ही में इंडोनेशिया ओपन खिताब जीता। देश को उन पर नाज है।”

खेल मंत्री ने भी श्रीकांत के प्रयासों को सराहा। उन्होंने ट्वीट किया, “लगातार दूसरा सुपर सीरीज खिताब। यह एक शानदार उपलब्धि है। हमें आप पर गर्व है।”

श्रीकांत ने पुरुष एकल वर्ग के फाइनल में उलटफेर करते हुए छठी विश्व वरीयता प्राप्त लोंग को मात दी।

सचिन ने ट्वीट करते श्रीकांत को इस जीत की बधाई दी। सचिन ने लिखा, “लगातार दूसरा सुपर सीरीज खिताब जीतने पर श्रीकांत को दिल से बधाई। आप चैम्पियन हैं और हमें आप पर गर्व है।”

इस खिताबी जीत के साथ ही श्रीकांत ने इतिहास रचा है। वह लगातार दो सुपर सीरीज खिताब जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी बन गए हैं। सिंगापुर ओपन, इंडोनेशिया ओपन के बाद श्रीकांत लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंचे। श्रीकांत ने इंडोनेशिया ओपन खिताब जीता था।

क्रिकेट स्टार वीरेंद्र सहवाग, बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा, क्रिकेट खिलाड़ी मोहम्मद कैफ, भारतीय टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने भी श्रीकांत को इस सफलता पर बधाई दी है।

श्रीकांत इंडोनेशिया ओपन जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बने थे और अब वह आस्ट्रेलिया ओपन का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। महिला वर्ग में सायना नेहवाल ने दो बार यहां खिताब जीता है लेकिन वह इस साल क्वार्टर फाइनल में ही हार गईं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493