आस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जॉनसन ने क्रिकेट को कहा अलविदा (राउंडअप)

पर्थ, 17 नवंबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के कुछ बेहद सफल तेज गेंदबाजों में से एक मिशेल जॉनसन ने मंगलवार को क्रिकेट को अलविदा कह दिया।

वाका स्टेडियम में मंगलवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ ड्रॉ पर समाप्त हुआ दूसरा टेस्ट मैच जॉनसन के अंतर्राष्ट्रीय करियर का आखिरी मैच रहा।

आस्ट्रेलिया के लिए सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में चौथे क्रम पर विराजमान 34 वर्षीय जॉनसन ने सोमवार की रात साथी खिलाड़ियों को अपने निर्णय से सूचित कर दिया था।

क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) की आधिकारिक वेबसाइट पर मंगलवार को जारी वक्तव्य में जॉनसन ने कहा, “मुझे लग रहा है कि क्रिकेट को अलविदा कहने का यह बिल्कुल सही समय है। इतने शानदार करियर के लिए मैं खुद को भाग्यशाली महसूस करता हूं और अपने देश के लिए खेलते हुए मैंने हर पल का भरपूर लुत्फ उठाया।”

जॉनसन ने कहा, “क्रिकेट में मेरा अब तक का सफर अद्वितीय रहा है। लेकिन हर सफर का कहीं न कहीं अंत होता है और यहां वाका स्टेडियम में खेलते हुए करियर का समापन करना मेरे लिए विशेष मायने रखता है।”

उन्होंने आगे कहा, “मैंने काफी सोच समझकर यह निर्णय लिया है। इस मैच के अलावा मुझे अब महसूस नहीं होता कि मैं आस्ट्रेलिया के लिए जरूरी प्रतिस्पर्धा के साथ लगातार खेल सकता हूं।”

वाका टेस्ट में आखिरी दिन अपनी आखिरी पारी में जॉनसन ने टॉम लाथम और मार्टिन गुप्टिल के विकेट चटकाए, और उनके नाम 73 टेस्ट में 313 विकेट रहा।

डेनिस लिली (355), ग्लेन मैकग्राथ (563) और शेन वार्न (708) के बाद जॉनसन आस्ट्रेलिया के चौथे सर्वाधिक टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

जॉनसन के बेहद धारदार प्रदर्शन की बदौलत ही आस्ट्रेलियाई टीम ने 2013-13 एशेज श्रृंखला में इंग्लैंड को 5-0 से करारी शिकस्त दी थी। उस श्रृंखला में जॉनसन ने पांच मैचों में 37 विकेट चटकाए थे।

तेज गेंदबाज रहते हुए जॉनसन ने निचले क्रम पर अपने देश के लिए बल्लेबाजी में बेहतरीन योगदान दिया और उनके नाम 11 अर्धशतक और एक शतक शामिल है।

वाका में दूसरा टेस्ट मैच समाप्त होने के बाद न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों ने जॉनसन को गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया और स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने खड़े होकर उनका अभिनंदन किया।

जॉनसन ने मैच के बाद कहा, “मेरे करियर में भी उतार-चढ़ाव रहा है, लेकिन मैं ईमानदारी से कह सकता हूं कि मैंने हमेशा अपना शत प्रतिशत दिया और मैंने जो भी उपलब्धियां हासिल कीं उस पर मुझे गर्व है। एशेज श्रृंखला और विश्व कप में मिली जीत मेरे साथ हमेशा रहेगी।”

जॉनसन की क्रिकेट से विदाई पर महान भारतीय सचिन तेंदुलकर सहित दुनिया भर के क्रिकेट दिग्गजों ने शुभकामनाएं दीं।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की मुंबई इंडियंस टीम में जॉनसन के साथ खेल चुके तेंदुलकर ने जॉनसन को विशेष गेंदबाज की संज्ञा दी।

तेंदुलकर ने मंगलवार को किए अपने ट्वीट में कहा, “जॉनसन को भविष्य की शुभकामनाएं, वह हमेशा से एक विशेष गेंदबाज रहे हैं। मुंबई इंडियंस में साथ रहते हुए उन्हें नजदीक से जाना और उनकी आक्रामकता मुझे अच्छी लगती है।”

दक्षिण अफ्रीका एकदिवसीय टीम के कप्तान अब्राहम डिविलियर्स ने कहा, “अद्वितीय खिलाड़ी थे वह। उन्हें उनके नायाब करियर के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।”

आस्ट्रेलिया के हरफनमौला खिलाड़ी शेन वाटसन ने कहा, “यह सोचकर मेरी आंखें नम हो गईं कि अब मैं बेहतरीन साथी जॉनसन के साथ नहीं खेल सकूंगा। वह टीम के साथ एकजुट हो खेलने वाले महान खिलाड़ी हैं।”

दिग्गज आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने कहा, “जॉनसन को उनके बेहतरीन करियर के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं। आपके साथ एक ही टीम में खेलना अद्वितीय रहा। आपने बेहतरीन काम किया। क्रिकेट से अलविदा की आपको शुभकामनाएं।”

आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने कहा, “वह कमाल के खिलाड़ी थे। मैंने जितने गेंदबाजों के साथ खेला उनमें से वह सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से थे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493