आस्ट्रेलिया को शॉर्ट गेंदें डालनी भारत को महंगी पड़ेंगी : स्टीव स्मिथ

सिडनी, 24 मार्च (आईएएनएस)। आईसीसी विश्व कप-2015 में गुरुवार को होने वाले दूसरे हाई वोल्टेज सेमीफाइनल मुकाबले से पहले आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीवन स्मिथ ने मंगलवार को कहा कि भारत यदि आस्ट्रेलिया की कमजोरी समझकर शॉर्ट गेंदें डालता है तो यह उसे ही उल्टा भारी पड़ेगा।

पाकिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में वहाब रियाज की उम्दा गेंदबाजी को देखते हुए पाकिस्तान की विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रह चुके एवं पूर्व कप्तान इंजमाम-उल-हक सहित कई दिग्गज खिलाड़ियों ने कहा कि रियाज ने शॉर्ट और तेज रफ्तार गेंदों पर आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की कमजोरी उजागर कर दी।

चार बार की चैम्पियन आस्ट्रेलिया गुरुवार को सिडनी क्रिकेट मैदान (एससीजी) पर मौजूदा चैम्पियन भारत का सेमीफाइनल मैच में सामना करेगी।

समाचार पत्र सिडनी मॉर्निग हेराल्ड की खबर के मुताबिक स्मिथ ने कहा, “मुझे ऐसा नहीं लगता। एक-दो खिलाड़ी शॉर्ट गेंदों पर आउट हुए, जो मात्र इस खेल का हिस्सा है। आप किसी न किसी तरह तो आउट होते ही हैं।”

स्मिथ ने कहा, “हम उम्मीद कर रहे हैं कि भारतीय गेंदबाज थोड़ी ज्यादा शॉर्ट गेंदें डालेंगे। अगर वे ऐसा करते हैं तो तेज आउटफील्ड वाले इस मैदान पर हमारे लिए ही यह अच्छा साबित होगा। इससे खेल हमारे हाथ में आ जाएगा।”

अपने मौजूदा फॉर्म पर स्मिथ ने कहा, “मैं खुद को खराब फॉर्म जैसा नहीं महसूस कर रहा। मुझे सिर्फ ऐसा लग रहा है जैसे मैं बल्लेबाजी के दौरान अपनी मूवमेंट को लेकर थोड़ा परेशान हूं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493