मेलबर्न, 8 जून (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया और ग्रीस के बीच हुए एक अंतर्राष्ट्रीय दोस्ताना फुटबाल मुकाबले में कुछ प्रशंसकों ने काफी बवाल किया। पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, सोमवार रात मेलबर्न के एतिहाद स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में कई शरारती प्रशंसक भी पहुंचे और उन्होंने मुकाबले से पहले यहां सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (सीबीडी) में कई ‘फ्लेयर्स’ (प्रकाश देने वाली वस्तु जिसे हिलाया जाता है) जलाईं और इसके बाद स्टेडियम में भी इसी प्रकार का व्यवहार किया।
विक्टोरिया के खेल मंत्री जॉन एरेन ने कहा कि वह शरारती तत्वों के इस दुर्व्यवहार से काफी नाखुश हैं।
एरेन ने बुधवार को कहा, “यह सच में निराशाजनक है कि कुछ शरारती तत्वों ने बाकी तमाम लोगों के लिए खेल का मजा खराब कर दिया। ‘फ्लेयर्स’ को अगर सही तरीके से न जलाया जाए, तो वह खतरनाक साबित हो सकते हैं, जैसे इस मुकाबले के दौरान कुछ प्रशंसकों द्वारा किया गया।”
उन्होंने कहा कि पुलिस निश्चित ही मामले के दोषियों पर कार्रवाई करेगी।
आस्ट्रेलिया फुटबाल महासंघ (एफएफए) के प्रवक्ता काएल पैटरसन ने इस कृत्य की आलोचना करते हुए कहा कि जो भी इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें लंबे समय तक प्रतिबंधित किया जा सकता है। वे आस्ट्रेलिया में होने वाले किसी भी फुटबाल मुकाबले को देखने नहीं जा सकेंगे।
पैटरसन ने कहा कि वह उन सभी को खोजेंगे और उनकी पहचान कर उन पर पांच साल का प्रतिबंध लगाएंगे।
उन्होंने कहा कि दक्षिण यूरोप और दक्षिण अमेरिका में मैच के दौरान फ्लेयर्स जलाने की संस्कृति रही है। दुर्भाग्य से यह हम तक पहुंच गई, हम इसे मंजूर नहीं कर सकते।
मुकाबले के दौरान पांच दर्शकों को उनके बुरे व्यवहार के लिए बाहर निकाल दिया गया लेकिन किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया।
आस्ट्रेलिया और ग्रीस के बीच दोस्ताना फुटबाल मुकाबले के लिए एतिहाद स्टेडियम में 33,622 प्रशंसक मौजूद थे। इस मुकाबले में मेहमान टीम ने मेजबान टीम को 2-1 से मात दी।
dharmpath.com dharmpath