कोलकाता, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। जापान की अंडर-17 टीम की भिड़ंत फीफा अंडर-17 विश्व कप टूर्नामेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल में मंगलवार को इंग्लैंड से होगी और इस भिड़ंत के लिए जापान की टीम पूरी तरह से तैयार है।
जापान के कोच योशीरो मोरियामा ने सोमवार को कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि इंग्लैंड टीम के पास काफी अच्छे खिलाड़ी हैं, लेकिन उनकी टीम भी कम नहीं है।
इंग्लैंड और जापान के बीच प्री-क्वार्टर फाइनल मैच मंगलवार को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीरांगन (सॉल्ट लेक स्टेडियम) में खेला जाएगा।
मैच के आयोजन से एक दिन पहले जापान के कोच मोरियाम ने संवाददाताओं से कहा, “इंग्लैंड टीम के कई खिलाड़ी जर्मनी और इंग्लिश प्रीमियर लीग में खेल चुके हैं। वह शीर्ष स्तरीय टीमों के साथ खेल रहे हैं और उनके साथ प्रशिक्षण कर रहे हैं। हम अपने डिफेंस और रणनीति को ध्यान में रखकर मंगलवार के मैच के लिए मैदान पर उतरेंगे। हमें इस मैच का इंतजार है।”
न्यूकैलेडोनिया के खिलाफ ड्रॉ हुए मुकाबले में टीम के खराब प्रदर्शन का दोष मोरियाम ने खराब वातावरण को दिया। उन्होंने कहा कि इस वातावरण के कारण जापान टीम के खिलाड़ियों के लिए एक समय पर सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है।
स्टेडियम के मैदान के बारे में कोच ने कहा कि इस मैदान पर पानी अच्छा डाला जा रहा है। पिच पहले काफी फ्लैट थी और यह टूर्नामेंट की शुरुआत के बाद से अब और भी खराब स्थिति में हो सकती है, लेकिन उनकी टीम को कोई परेशानी नहीं है।
dharmpath.com dharmpath