लंदन, 27 मार्च (आईएएनएस)। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के अध्यक्ष कोलीन ग्रेव्स ने वेस्टइंडीज की टेस्ट क्रिकेट टीम को औसत दर्जे का बताते हुए कहा कि अगर इंग्लैंड कैरेबियाई टीम के खिलाफ आगामी टेस्ट श्रृंखला में जीत हासिल नहीं करता तो यह जांच का विषय होगा।
समाचार एजेंसी सीएमसी के अनुसार, इंग्लैंड के साथ टेस्ट श्रृंखला के लिए वेस्टइंडीज ने 20 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। पहला टेस्ट मैच 13 अप्रैल से एंटिगा में खेला जाना है। इससे पूर्व हालांकि कैरेबियाई खिलाड़ी तैयारियों के लिए पांच अप्रैल से आयोजित एक अभ्यास शिविर में हिस्सा लेंगे।
इंग्लिश टीम को अगले महीने कैरेबियाई दौरे के लिए रवाना होना है।
ग्रेव्स के अनुसार, टेस्ट मैचों के दौरान कैरेबियाई टीम के ज्यादातर शीर्ष खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने में व्यस्त होंगे।
ग्रेव्स ने गुरुवार को कहा, “वेस्टइंडीज के ज्यादातर स्टार खिलाड़ी तब आईपीएल में खेल रहे होंगे। ऐसे में हमारी जीत की संभावना ज्यादा होगी। अगर हम जीत हासिल नहीं करते तो निश्चित रूप से यह जांच का विषय होगा।”
वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल पहले ही खुद को इस श्रृंखला से अलग कर चुके हैं और संभवत: आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेल सकते हैं।
इंग्लैंड ने आखिरी टेस्ट श्रृंखला अपने घर में भारत के खिलाफ खेली थी, जहां वह 3-1 से विजयी रहा। वहीं, हाल में विश्व कप में इंग्लिश टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा।
वेस्टइंडीज को भी क्वार्टर फाइनल में न्यूजीलैंड से हारकर विश्व कप से बाहर होना पड़ा। इंग्लैंड और वेस्टइंडीज को तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलनी है।
dharmpath.com dharmpath