इंग्लैंड टेस्ट दौरे के लिए टीम में शामिल किए गए गुप्टिल, हेनरी

वेलिंग्टन, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। मार्टिन गुप्टील और मैट हेनरी के आईसीसी विश्व कप-2015 में शानदार प्रदर्शन को देखते हुए न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने इंग्लैंड के आगामी टेस्ट दौरे के लिए टेस्ट टीम में शामिल किया है।

इसके अलावा हरफनमौला मिशेल सैंटर को पहली बार टेस्ट और टी-20 टीम में जगह दी गई है।

वेबसाइट क्रिकइंफो डॉट कॉम ने शनिवार को न्यूजीलैंड के कोच माइक हेसन के हवाले से कहा है कि गुप्टिल को बल्लेबाजी लाइनअप में किसी भी जगह बल्लेबाजी करने की क्षमता देखते हुए टीम में शामिल किया गया है। 21 मई को होने वाले पहले टेस्ट मैच से पहले होने वाले दो अभ्यास मैचों के दौरान वह अपनी दावेदारी को और मजबूत कर सकते हैं।

गौरतलब है कि विश्व कप-2015 में नाबाद 237 रनों की पारी खेल विश्व कप के सर्वोच्च स्कोरर बने गुप्टिल ने न्यूजीलैंड के लिए आखिरी टेस्ट मैच मई 2013 में खेला था।

हेसन ने कहा, “यह न्यूजीलैंड की स्थायी और स्थापित हो चुकी टीम है, लेकिन अन्य दावेदारों के लिए भी अभी अवसर हैं। गुप्टिल एक क्लासिकल बल्लेबाज हैं और वास्तव में इसके कोई कारण नहीं हैं कि वह एकदिवसीय की ही तरह टेस्ट प्रारूप में भी सफल न रहें।”

जिमी नीशम के चोट से न उबर पाने के कारण हेनरी को टेस्ट टीम में जगह दी गई है और हेसन ने कहा है कि हेनरी टेस्ट प्रारूप की चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हो चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493