इंग्लैंड श्रृंखला के लिए गंभीर, इशांत का चयन संभव

मुंबई, 1 नवंबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड के खिलाफ आगामी श्रृंखला के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) बुधवार को जब भारतीय टीम का चयन करेगी, तो सभी की निगाह दिल्ली के दो खिलाड़ियों-गौतम गंभीर और इशांत शर्मा पर होंगी।

न्यूजीलैंड के खिलाफ बीती टेस्ट श्रृंखला से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में लंबे समय के बाद वापसी करने वाले गंभीर ने इंदौर में हुए आखिरी टेस्ट मैच में अर्धशतक लगाया।

दिल्ली के लिए रणजी ट्रॉफी में खेले अपने आखिरी मैच में भी गंभीर ने 147 रनों की पारी खेल अच्छे फॉर्म में होने के संकेत दे दिए हैं।

दूसरी ओर इशांत को कानपुर में हुए पहले टेस्ट मैच के लिए चुना गया था, लेकिन चिकनगुनिया से पीड़ित होने के कारण वह खेल नहीं सके थे।

हालांकि इशांत ईडन गरडस में कर्नाटक के खिलाफ हुए रणजी मैच के दौरान पूरी तरह फिट नजर नहीं आए और दूसरे तेज गेंदबाज को अधिकतर तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी।

लोकेश राहुल जहां मांसपेशी में खिंचाव की समस्या से अभी उबर नहीं पाए हैं और तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार टखने की चोट से ग्रस्त हैं। ऐसे में गंभीर और इशांत के टीम में चुने जाने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।

विराट कोहली के नेतृत्व में न्यूजीलैंड को टेस्ट श्रृंखला में 3-0 से हराने वाली टीम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं दिखाई देती।

इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में 9-13 नवंबर के बीच होने वाले टेस्ट से श्रृंखला का आगाज होगा और भारतीय टीम पांच नवंबर से राजकोट में अभ्यास शुरू करेगी।

इसके बाद 17-12 नवंबर के बीच विशाखापट्टनम में दूसरा, 26-30 नवंबर के बीच मोहाली में तीसरा, 8-12 दिसंबर के बीच मुंबई में चौथा और 16-20 दिसंबर के बीच चेन्नई में पांचवां और अंतिम टेस्ट मैच खेला जाना है।

आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में शीर्ष पर मौजूद भारतीय टीम के लिए यह श्रृंखला किसी परीक्षा के समान होगी, क्योंकि इंग्लैंड के खिलाफ पिछली तीन टेस्ट श्रृंखलाओं में भारत को हार मिली है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493