इंडियन ओशन और प्रसून बने ‘स्वच्छ भारत’ मुहिम का हिस्सा

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। म्यूजिक बैंड इंडियन ओशन और गीतकार प्रसून जोशी देश में साफ-सफाई की मुहिम में शामिल हो गए हैं। इंडियन ओशन और जोशी ने ‘डेटाल’ के सहयोग से ‘बनेगा स्वच्छ इंडिया’ म्यूजिक ट्रैक जारी किया है जिसमें गीत-संगीत के जरिए स्वच्छता का संदेश दिया गया है।

‘बनेगा स्वच्छ इंडिया’ वीडियो की शूटिंग कुतुब मीनार, आमेर का किला, हुमायूं मकबरा और गेटवे आफ इंडिया जैसी ऐतिहासिक जगहों पर की गई है।

इसके शीर्षक गीत में बैंड के सदस्य राहुल राम, अमित किलम, निखिल राव, हिमांशु जोशी और तुहीन चक्रवर्ती नजर आ रहे हैं। इसे 30 सितंबर को जारी किया गया।

बैंड के सदस्यों ने एक बयान में कहा है, “स्वच्छ भारत का विचार हम सभी का सपना है। कॉरपोरेट घराने इसे अपनी सामाजिक उत्तरदायित्व पहल का हिस्सा बना रहे हैं। वे यह मानकर चल रहे हैं कि यह (स्वच्छ भारत) लालफीताशाही का शिकार नहीं होगा। यह एक बड़ी बात है।”

बयान में कहा गया है, “इस तरह के प्रयासों के अच्छे नतीजों के लिए जिन चीजों की जरूरत है, वे हैं जागरूकता और धन का इंतजाम, ताकि संदेश लोगों तक पहुंच सके। बतौर संगीतकार हमने अपनी सबसे कीमती चीज दे दी है। वह है हमारे दिल से निकला गाना। हमें उम्मीद है कि स्वस्थ और स्वच्छ भारत के लिए संघर्ष में यह हम सभी का नारा बनेगा।”

कई पुरस्कारों से सम्मानित हो चुके गीतकार प्रसून जोशी ने इस अभियान का शीर्षक गीत लिखा है। उनका मानना है, “यह आशा का गीत है। यह अच्छे और स्वच्छ भविष्य का गीत है।”

स्वच्छ भारत के इस संगीतमय अभियान में यूफोरिया बैंड के पलाश सेन, परिक्रमा के सुबिर और नितिन मलिक, अग्नि बैंड के कार्तिक, कुत्ले खान, कोको और शिल्पा राव ने भी शिरकत की है।

डेटाल डेवलपिंग मार्केट के विपणन निदेशक अर्जुन पुरकायस्थ ने कहा, “संगीत की सार्वभौम भाषा होती है जो अलग-अलग संस्कृतियों के लोगों को जोड़ती है। इसे बदलाव के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। हमें बेहद खुशी है कि स्वच्छ भारत के लिए लोगों को जोड़ने की देश के महान कलाकारों की कोशिश में हम भी हाथ बंटा रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493