इंडोनेशिया : आईएस से संबंध के संदेह में 17 हिरासत में

जकार्ता, 23 जनवरी (आईएएनएस)। इंडोनेशिया के अधिकारियों ने साप्ताहांत में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के साथ संबंध होने के संदेह में अपने 17 नागरिकों को तुर्की से यहां पहुंचने पर हिरासत में ले लिया। स्थानीय मीडिया ने सोमवार को यह जानकारी दी।

समाचार एजेंसी एफे न्यूज के अनुसार, जकार्ता हवाई अड्डे पर आव्रजन एजेंटों और आतंकवाद विरोधी इकाई डेनसस 88 ने शनिवार को 8 महिलाओं समेत 17 लोगों को रोका और अपनी हिरासत में ले लिया।

पुलिस प्रवक्ता अवी सेतियोनो ने कहा, ” केल्पा दुआ स्थित पुलिस के मोबाइल ब्रिगेड हिरासत केंद्र में डेनसस 88 इन लोगों से अब भी पूछताछ कर रही है।”

आव्रजन महानिदेशक अगुंग संपूर्णो ने कहा कि युद्धरत क्षेत्र से आने वाले लोगों को हिरासत में लेना एक मानक प्रक्रिया है।

हालांकि, एक स्थानीय समाचार पत्र में छपी एक रिपोर्ट के अनुसार, उसी फ्लाइट से आए अन्य इंडोनेशियाई नागरिकों को हिरासत में नहीं लिया गया।

हाल के महीनों में इंडोनेशियाई पुलिस ने सीमा चौकियों पर मध्य पूर्व से वापस लौटने वाले लोगों पर निगरानी बढ़ा दी है और आतंक की कई साजिशों का भंडाफोड़ किया है।

गत सप्ताह 8 इंडोनेशियाई नागरिक मलेशिया से वापस भेजे गए। इन लोगों को आईएस से जुड़ी तस्वीरों के साथ सिंगापुर में घुसने की कोशिश में गिरफ्तार किया गया था।

एक दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार करने के साथ आतंकवाद विरोधी इकाई ने गत साल दिसम्बर में क्रिसमस के मौके पर जकार्ता में राष्ट्रपति भवन पर बम हमले की योजना बनाने वाले दो संगठनों को विघटित कर दिया था।

पुलिस के अनुसार, उन साजिशों का सूत्रधार इंडोनेशियाई नागरिक बहरुन नईम था जो कतिबाह नुसांत्रा नामक संगठन के प्रमुखों में एक है। यह संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) का एक ब्रिगेड है जिसमें मलय बोलने वाले मलेशिया, फिलीपींस और इंडोनेशिया के आतंकवादी हैं।

इंडोनेशिया की खुफिया सेवा का मानना है कि आईएस में शामिल होने के लिए उसके करीब 500 नागरिक सीरिया और इराक गए हैं। लेकिन, उनमें से 100 स्वदेश वापस लौट आए हैं।

आईएस की योजना दक्षिणपूर्व एशिया में खिलाफत कायम करना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493