इंदौर टेस्ट : तीसरे दिन छाए अश्विन, भारत को 276न रनों की बढ़त (राउंडअप)

इंदौर, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। रविचंद्रन अश्विन (81/6) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने होल्कर स्टेडियम में जारी तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन सोमवार को न्यूजीलैंड की पहली पारी 299 रनों पर ढेर कर दी और उसके बाद अपनी दूसरी पारी में दिन का खेल खत्म होने तक बिना कोई विकेट खोए 18 रन बना लिए हैं।

भारत ने न्यूजीलैंड को फॉलोऑन न देकर दूसरी पारी खेलने का फैसला किया और इसी के साथ भारतीय टीम ने मेहमानों पर 276 रनों की बढ़त ले ली है।

दिन का खेल खत्म होने तक सलामी बल्लेबाज मुरली विजय 11 रन और चेतेश्वर पुजारा एक रन बनाकर नाबाद लौटे। सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर (6) को चोट के कारण मैदान छोड़ना पड़ा।

रविवार के अपने स्कोर 28 रनों पर बिना कोई विकेट से आगे खेलने उतरी किवी टीम अश्विन और रवींद्र जडेजा की फिरकी में फंस गई। पहले सत्र में किवी टीम ने सिर्फ एक विकेट टॉम लाथम (53) के रूप में गंवाया था। उन्होंने दूसरे सलामी बल्लेबाज मार्टिन गुप्टिल (72) के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दी थी और पहले विकेट के लिए 118 रन जोड़े।

अश्विन ने पहला सत्र समाप्त होने से ठीक पहले लाथम को अपनी ही गेंद पर कैच कर मेजबानों को पहली सफलता दिलाई। पहले सत्र में बहुत ही संयत तरीके से खेलती नजर आई किवी टीम हालांकि दूसरे सत्र में बुरी तरह लड़खड़ा गई। अश्विन ने दूसरे सत्र में अपने लगातार चार ओवरों में चार विकेट चटकाकर किवी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया।

अश्विन ने कप्तान केन विलियमसन (8) को बोल्ड कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। विलियमसन 134 के कुल स्कोर पर आउट हुए। चार रन बाद ही अश्विन ने रॉस टेलर को बिना खाता खोले अजिंक्य रहाणे के हाथों कैच करा मेहमानों को बड़ा झटका दे दिया। दूसरे छोर पर जम चुके और भारत के लिए खतरा दिख रहे गुप्टिल को अश्विन ने रन आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिला दी।

ल्यूक रोंची भी ज्यादा कुछ नहीं कर पाए और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उन्हें भी अश्विन ने अपना शिकार बनाया।

148 के कुल स्कोर पर पांच विकेट गंवा चुकी किवी टीम को जिमी नीशम (71) और बीजे वॉटलिंग (23) ने कुछ हद तक संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिए 52 रन जोड़े, हालांकि यह जोड़ी दूसरा सत्र पार नहीं कर पाई। इस बार जडेजा ने वॉटलिंग को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।

नीशम ने मिशेल सेंटनर (22) के साथ एक बार फिर सातवें विकेट के लिए 52 रनों की संयमभरी साझेदारी निभाई। जडेजा ने 253 के कुल योग पर सेंटनर को पवेलियन भेज दिया। सैंटनर का कैच कोहली ने लपका।

न्यूजीलैंड के दूसरे सर्वोच्च स्कोर नीशम के संघर्ष पर अंतत: अश्विन ने लगाम लगाई और अपनी पांचवीं सफलता हासिल की। नीशम ने 115 गेंदें खेलीं और 11 चौके लगाए। वग पगबाधा करार दिए गए।

जीतन पटेल (18) को रन आउट कर अश्विन ने भारत को नौवीं सफलता दिलाई, जबकि ट्रेंट बाउल्ट को पुजारा के हाथों कैच करा अश्विन ने किवी टीम की पारी 299 रनों पर समेट दी।

अश्विन ने पांचवीं बार न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच या उससे अधिक विकेट हासिल किए हैं। उन्होंने इस मामले में बिशन सिंह बेदी, ईरापल्ली प्रसन्ना, जहीर खान और सुभाष गुप्ते को पछाड़ा। चारों दिग्गजों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चार-चार बार पांच या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया था। तीसरा दिन पूरी तरह से अश्विन के नाम रहा। उन्होंने न सिर्फ अपनी फिरकी से छह बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा बल्कि अपनी शानदार फील्डिंग से दो बल्लेबाजों को रन आउट किया।

इसके साथ ही अश्विन सबसे कम मैचों में 20 बार पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। इंग्लैंड के सिडनी बर्न्‍स और आस्ट्रेलिया के क्लैरी ग्रिमेट ने अश्विन से कम मैचों में 20 बार एक पारी में पांच या उससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया है।

इससे पहले भारत ने कप्तान विराट कोहली (207) और उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे (188) की शानदार पारियों और चौथे विकेट के लिए दोनों के बीच हुई 365 रनों की मजबूत साझेदारी की बदौलत अपनी पहली पारी पांच विकेट के नुकसान पर 557 रनों पर घोषित कर दी थी।

भारत तीन मैचों की श्रृंखला पहले ही 2-0 से अपने नाम कर चुका है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493