इंदौर, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के इंदौर में शुक्रवार को तीन दिवसीय एशियाई खो-खो प्रतियोगिता शुरू हो गई। इसका उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने किया। यह प्रतियोगिता यहां 16 साल बाद फिर हो रही है, जो 10 अप्रैल तक चलेगी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए सुमित्रा महाजन ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार खेल के विकास के लिए कृतसंकल्प है। खेलकूद से धैर्य और अनुशासन की सीख मिलती है, जो जीवनभर काम आती है।
उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि प्रतियोगी इस प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।”
वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “खेलकूद का हमारे जीवन में बहुत महत्व है। खेल से मनुष्य न केवल स्वस्थ रहता है, बल्कि जीवन का असली आनंद भी उठा पाता है।”
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने खेलों के विकास के लिए बजट में कई गुना वृद्धि की है। पिछले 13 वर्षो में मध्यप्रदेश ने खेलकूद के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
केंद्रीय पर्यटन, संस्कृति और नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि खेलकूद से मनुष्य का शारीरिक और मानसिक विकास होता है।
यह आयोजन एशियाई खो-खो फेडरेशन, भारतीय खो-खो महासंघ और मध्य भारत खो-खो एसोसिएशन के तत्वावधान में महर्षि प्रभाकर दादा कुलकर्णी इंडोर स्टेडियम में किया जा रहा है। इसमें एशिया के छह देश- भारत, पाकिस्तान, कोरिया, श्रीलंका, नेपाल और बांग्लादेश की कुल 12 टीमों के 180 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
इस प्रतियोगिता में पहली बार महिला खो-खो टीमें भी भाग ले रही हैं। इससे पहले सन् 1996 और 2000 में एशियाई खो-खो प्रतियोगिता हुई थी।
dharmpath.com dharmpath