इंदौर-इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी के कारण अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है। पीड़ितों को न्याय की मांग को लेकर कांग्रेस लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी पीड़ितों से मिलने इंदौर आ रहे हैं। वे 17 जनवरी को बॉम्बे अस्पताल और भागीरथपुरा में पीड़ितों से मिलने पहुंचेंगे।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार भागीरथपुरा में हालात का जायजा लेने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर आ रहे हैं। हालांकि, इस दौरान इंदौर में कांग्रेस नेताओं और नगरीय जनप्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित बैठक को प्रशासन से अनुमति नहीं मिल पाई है।
कांग्रेस के संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले ने बताया कि प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के कारण बैठक को रद्द करना पड़ा है। अब राहुल गांधी का इंदौर दौरा सीमित कार्यक्रम तक ही रहेगा। राहुल गांधी इंदौर पहुंचने के बाद पहले बॉम्बे हॉस्पिटल जाएंगे, जहां वे दूषित पानी से बीमार हुए मरीजों और उनके परिजन से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे भागीरथपुरा पहुंचकर उन परिवारों से मिलेंगे, जिनके परिजनों की दूषित जल के कारण मौत हुई है।
dharmpath.com dharmpath