नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को इंदौर हवाईअड्डे पर खराब होने कार्गो के केंद्र (सीपीसी) की स्थापना के लिए भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण (एएआई) की 1,500 वर्गमीटर भूमि एम. पी. वेयरहाउसिंग लॉजिस्टिक कापोर्रेशन (एमपीडब्ल्यूएलसी) को पट्टे पर देने के लिए अपनी मंजूरी दे दी। यह जानकारी यहां जारी एक आधिकारिक बयान से मिली।
बयान में कहा गया है कि यह केंद्र राज्य से खराब होने वाली वस्तुओं के लिए अत्याधुनिक सुविधा वाला निकासी बिंदु होगा। यह व्यापारियों की सभी आवश्यकताओं को एक छत के नीचे पूरा करने वाला और उत्पाद की गुणवत्ता रखरखाव के लिए विश्व स्तरीय सुविधा उपलब्ध कराने वाला केंद्र होगा।
कार्गो केंद्र के निर्माण से स्थानीय आबादी की रोजगार जरूरतें पूरी होने की उम्मीद है। इसके प्रबंधन के लिए कुल मिलाकर 113 व्यक्तियों की आवश्यकता होगी।
मध्य प्रदेश सरकार ने देवी अहिल्या बाई हवाई अड्डा, इंदौर में सीपीसी की स्थापना का प्रस्ताव किया है। क्योंकि प्रदेश के मालवा क्षेत्र में दवाइयों, पोल्ट्री उत्पादों और बागवानी उत्पादों के निर्यात की भारी मांग है।
इस केंद्र की स्थापना से राज्य सरकार इस क्षेत्र में कृषि और बागवानी क्षेत्र को बढ़ावा देने में पहले से अधिक सक्षम हो जाएगी।
dharmpath.com dharmpath