जेरूसलम, 17 मई (आईएएनएस)। इजरायल के रक्षा मंत्री ने बुधवार को कहा कि उनका देश अमेरिका के साथ मजबूत सैन्य संबंध बनाए रखेगा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कथित खुफिया सूचनाएं लीक करने संबंधित रपट के बाद इजरायल की यह पहली टिप्पणी है।
रक्षा मंत्री एविगडोर लिबरमैन ने कहा कि हमारी मजबूती में अमेरिका संग संबंधों का बेमिसाल योगदान है। यह इस पर निर्भर है कि यह कैसा है और यह किस तरह निरंतर बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि अमेरिका इजरायल का खास सहयोगी है और यह सहयोग गहरा, विशेष और बेमिसाल है।
वाशिंगटन पोस्ट की सोमवार की रपट के मुताबिक, ट्रंप ने सीरिया में इस्लामिक स्टेट से जुड़ी ‘अत्यधिक गोपनीय सूचना’ बीते सप्ताह व्हाइट हाउस में एक बैठक के दौरान रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव व अमेरिका में रूस के राजदूत सर्गेई किसलियक के साथ लीक कर दी थी।
रपट के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि कथित लीक से इजरायल द्वारा आईएस के बीच भेजे गए जासूस के जीवन को खतरे में डाल दिया है।
ट्रंप ने रूस के साथ आतंकवाद विरोधी सूचना साझा करने के अपने अधिकार का बचाव किया है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि क्या यह बहुत गोपनीय सूचना थी या नहीं।
ट्रंप अपने पहले अधिकारिक दौरे पर 22 मई को इजरायल पहुंचने वाले हैं।
dharmpath.com dharmpath