काहिरा, 27 मई (आईएएनएस)। पिछले सप्ताह दुर्घटनाग्रस्त हुई इजिप्टएयर की उड़ान संख्या 804 के बारे में भूमध्यसागर से संकेत मिले हैं।
सीएनएन की गुरुवार की रिपोर्ट के अनुसार, विमान के ‘इमरजेंसी लोकेटर ट्रांसमीटर’ से ये संकेत मिले हैं। यह एक प्रकार का उपकरण है, जो स्वयं या स्वत: प्रभाव पर सक्रिय हो सकता है और आमतौर पर आपातकालीन स्तर पर संकेत भेजने में सक्षम होता है।
विमान के ‘ब्लैक बॉक्स’ से मिले संकेत ‘इमरजेंसी लोकेटर ट्रांसमीटर’ से मिले संकतों से अलग हैं।
इन संकेतों के कारण पिछले कुछ दिनों से विमान की खोज में लगी टीम का ध्यान उस स्थान से पूरी तरह से हट गया है, जहां बहुराष्ट्रीय खोज टीम का ध्यान था।
यह विमान 18 मई की रात पेरिस से रवाना हुआ था, जिसे 19 मई को तड़के करीब 3.15 बजे मिस्र की राजधानी काहिरा पहुंचना था, लेकिन देर रात 2.30 बजे ही इसका रडार से संपर्क टूट गया।
इस दुर्घटना के दौरान विमान में 56 यात्री, विमान के चालक दल के सात सदस्य और सुरक्षा बल के तीन जवान शामिल थे।
फ्रांस की दुर्घटना जांच एजेंसी ‘बीईए’ के अनुसार, आगामी दिनों में संकेतों का पता लगाने वाले विशेष उपकरणों से सुसज्जित एक फ्रांसीसी पोत पानी के भीतर खोज अभियान शुरू करेगी।
अभी तक की गई खोज में विमान का कुछ मलबा मिला है, जिसमें ‘लाइफ वेस्ट्स’, कुछ निजी सामान और कुछ अन्य हिस्से शामिल हैं।
इसके साथ ही कुछ मानव अवशेष भी मिले हैं। मिस्र के अधिकारी इन टुकड़ों को विमान के यात्रियों और सदस्यों की पहचान से मिलाकर इनकी जांच कर रहे हैं।
‘फ्यूसलाज’, ‘फ्लाइट डाटा’ और ‘कॉकपिट व्हाइस रिकॉर्डर’ सहित विमान के मुख्य हिस्सों की खोज अब भी जारी है।
dharmpath.com dharmpath