रोम, 21 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिणी इटली के कालाब्रिया क्षेत्र में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ में कम से कम ग्यारह हाइकर्स (पैदल घूमने वाले) की मौत हो गई। अधिकारियों ने मंगलवार को इस बात की जानकारी दी।
यह लोग क्षेत्र में स्थित पोलिनो राष्ट्रीय उद्यान की बेहद तंग घाटी रगानेल्लो में चल रहे थे कि तभी भारी बारिश के कारण पानी की तेज धार की चपेट में आ गए। सिविल प्रोटेक्शन डिपार्टमेंट ने कहा कि सोमवार को एक 14 साल की लड़की समेत 10 लोगों के शव बरामद किए गए जबकि एक अन्य व्यक्ति की मौत अस्पताल में हुई।
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, पांच अन्य लोग अभी भी लापता हैं। सिविटया गांव के समीप एक छोटी धारा के उफान पर आने के बाद तुरंत ही बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ में 11 लोग घायल हुए हैं, जिनमें गंभीर रूप से घायलों को कोसेनजा और बाकियों को कास्त्रोविल्लारी के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, खोज एवं बचाव दल कई बच्चों समेत 23 लोगों को बचाने में सक्षम रहे हैं। हालांकि कई लोग लापता हो सकते हैं क्योंकि कई समूह इलाके में घूम रहे थे।
उन्होंने कहा, “रगानेल्लो घाटी संकरी और गहरी है। घाटी कम समय में पानी से पूरी भर जाती है।”
dharmpath.com dharmpath