नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। गोवा में अगले महीने होने जा रहे ‘इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया’ (इफ्फी) के 49वें संस्करण में इंडियन पैनोरमा फिल्म्स वर्ग में ‘पद्मावत’ और ‘महनती’ जैसी बड़े पर्दे की फिल्मों के साथ-साथ ‘नगरकीर्तन’, ‘सिंजर’ और ‘भयानकम’ जैसी फीचर फिल्मों का प्रसारण किया जाएगा।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी एक बयान के अनुसार, प्रतिष्ठित निर्देशक शाजी एन. करुण के मलयाली नाटक ‘ओलू’ से इंडियन पैनोरमा वर्ग की फीचर फिल्म श्रेणी की शुरुआत होगी। इस वर्ग में मलयाली, बंगाली, मराठी, तमिल, तुलू, लद्दाखी, जसारी और हिंदी फिल्मों का मिश्रण होगा।
फीचर फिल्म के 13 सदस्यीय निर्णायक मंडल की अध्यक्षता जाने-माने फिल्म निर्देशक और पटकथा लेखक राहुल रवैल करेंगे। निर्णायक मंडल ने 22 फीचर फिल्मों को चुना है। इनमें ‘वाकिंग विद द विंड’, ‘ई मा योव’, ‘धप्पा’, ‘टू लेट’ और ‘पेरांबू’ शामिल हैं।
‘डायरेक्टरेट ऑफ फिल्म्स फेस्टिवल्स’ (डीएफएफ) की आंतरिक कमेटी ने मुख्य धारा की फिल्मों में से ‘पद्मावत’, ‘महनती’, ‘राजी’ और ‘टाइगर जिंदा है’ को चुना है।
गैर-फीचर फिल्म सेगमेंट में से फिल्में निर्देशक और संपादक विनोद गनात्रे की अध्यक्षता वाले एक अलग सात सदस्यीय निर्णायक मंडल ने चुनीं। मंडल ने आदित्य सुहास जमभाले के निर्देशन में बनी फिल्म ‘खरवास’ को गैर-फीचर फिल्मों की शुरुआत करने के लिए चुना। इसके लिए कुल 21 गैर-फीचर फिल्मों को चुना गया।
‘इफ्फी 2018’ गोवा में 20-28 नवंबर तक आयोजित होगा।
dharmpath.com dharmpath