इब्राहमोविक ने पेरिस सेंट जर्मेन छोड़ने की पुष्टि की

पेरिस, 13 मई (आईएएनएस)। पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) को उस वक्त काफी धक्का लगा जब स्टार स्ट्राइकर जलातान इब्राहमोविक ने शुक्रवार को फुटबाल सत्र के बाद फ्रेंच लीग-1 के इस दिग्गज क्लब को छोड़ने का ऐलान किया।

एसी मिलान से निकलकर 2012 में पीएसजी से जुड़ने के बाद से अब तक खेले गए 178 मुकाबलों में इब्राहमोविक ने 152 गोल दागे हैं। ननतेस के खिलाफ शनिवार का मुकाबला क्लब के साथ स्वीडन की राष्ट्रीय टीम के कप्तान का अंतिम मैच होगा।

इब्राहमोविक की मदद से पेरिस क्लब ने सभी चार सत्रों में लीग-1 खिताब जीता। वह 2012-13 तथा 2013-14 में फ्रांस में सबसे अधिक गोल दागने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे।

इब्राहमोविक ने ट्वीट में कहा, “पार्क डेस प्रिंसेस में शनिवार का मुकाबला मेरा आखिरी मुकाबला होगा। मैं एक राजा की तरह आया था और एक दिग्गज की तरह जाऊंगा।”

फ्रेंच लीग-1 के दिग्गज क्लब के साथ 34 वर्षीय खिलाड़ी का अनुबंध इस वर्ष ग्रीष्मकालीन सत्र में समाप्त हो रहा है। उनके अगले पड़ाव के रूप में मैनचेस्टर युनाइटेड, लास एंजेल्स गैलेक्सी और एसी मिलान का नाम लिया जा रहा है।

इब्राहमोविक ने कहा, “पिछले चार वर्षो के प्रदर्शन पर मुझे काफी गर्व है। मुझे यहां बिताया हर दिन पसंद है। पेरिस क्लब विश्व का बेहतरीन क्लब बन गया है और मैंने इसके विकास में मुख्य भूमिका निभाई है।”

उन्होंने कहा, “अब मेरे लिए एक अलग रास्ता चुनने का सही समय आ गया है। मैं अपने टीम के खिलाड़ियों, तकनीकी स्टाफ और क्लब के सभी सदस्यों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। मेरा दिल प्रशंसकों के साथ है।”

पीएसजी के अध्यक्ष नासेर अल खेलाएफी का कहना है कि वह इस दिग्गज खिलाड़ी के साथ फिर काम करना चाहेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493