इराकी सैनिकों के जनसंहार के 24 दोषियों को मृत्युदंड

बगदाद, 8 जुलाई (आईएएनएस)। इराक की एक अदालत ने बुधवार को 24 लोगों को 1,700 सैनिकों की हत्या के आरोप में मौत की सजा सुनाई है। एक न्यायिक प्रवक्ता ने कहा कि मामला जून 2014 का है, जब सलाहुद्दीन प्रांत की राजधानी तिकरित पर इस्लामिक स्टेट (आईएस) के आतंकवादियों ने कब्जा कर लिया था।

इराक की सुप्रीम न्यायिक परिषद के प्रवक्ता अब्दुल सत्तार अल-बिराकदार ने कहा, “सेंट्रल क्रिमिनल कोर्ट ने बुधवार को 24 अभियुक्तों को सामूहिक जनसंहार में शामिल होने का दोषी पाते हुए उन्हें फांसी की सजा मुकर्रर की।”

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, अब्दुल सत्तार ने कहा कि दोषी पाए गए आरोपियों को सजा देने के लिए पर्याप्त सबूत थे। उन्होंने यह भी बताया कि सबूतों के अभाव में अदालत ने चार अन्य अभियुक्तों को रिहा कर दिया।

जून 2014 में हथियारबंद सुन्नी आतंकवादियों ने आईएस की अगुवाई में इराकी सुरक्षा बलों पर अचानक हमला कर दिया था, जिसके कारण इराकी सेना के जवान अपने सैन्य उपकरण और चौकियां छोड़कर चले गए थे। हमलवारों ने देश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्से के एक बड़े भाग को कब्जे में ले लिया था।

रपटों के मुताबिक जून में अपने शिविर छोड़कर चले गए हजारों सैनिकों में लगभग 1,700 सैनिक वायुसेना के हवाई अड्डे से चले गए थे। इन सैनिकों का आईएस के आतंकवादियों ने अपहरण कर लिया था और उनकी हत्या कर दी थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493